समाचार · मध्य प्रदेश
भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष पर चाकू से हमला:पेट-गर्दन और पैर पर किए वार; पहले भी मिली थी जान से मारने की धमकी
जबलपुर के गोहलपुर थाना क्षेत्र स्थित तालिब शाह चौक पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मंगन सिद्दीकी पर चाकू से हमला कर दिया गया। मंगन सिद्दीकी नशे के अवैध कारोबार और नशीले इंजेक्शन के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। घटना में घायल मंगन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मंगन सिद्दीकी के मुताबिक, वह अपने चाचा की दुकान सान्या ज्वैलर्स के पास खड़े होकर फोन पर बात कर रहे थे। इसी दौरान वसीम डांगर का बेटा अरमान अपने दो साथियों के साथ पीछे से आया और पेट, गर्दन व पैर पर चाकू से वार कर दिए। मंगन ने सूझबूझ से बचाव कर अपनी जान बचाई। पहले भी मिली थी जान से मारने की धमकी मंगन सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि अरमान उन्हें पहले भी फोन पर जान से मारने की धमकी दे चुका था। इस संबंध में हनुमान ताल थाने में शिकायत दर्ज होने की बात भी उन्होंने कही। उनके मुताबिक, वसीम डांगर को पहले एक मामले में सात साल की सजा हो चुकी है और इसी रंजिश के चलते हमला किया गया। घटना के बाद घायल मंगन को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।