Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

Bullet Train: जमीन से 100 फीट नीचे बनेगा स्टेशन, समुद्र के अंदर 7 KM लंबी सुरंग से दौड़ेगी भारत की पहली बुलेट ट्रेन

INT News25 October 2026 at 09:50 pm

India's First Bullet Train: भारत में हाई स्पीड रेल सेवा शुरू करने की तैयारियां तेज हो गई हैं. देश की पहली बुलेट ट्रेन मुंबई और अहमदाबाद के बीच चलाई जानी है. पीटीआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इस परियोजना के तहत रेलवे ट्रैक, पुल, सुरंग और स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने परियोजना की प्रगति से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए बताया कि 508 किलोमीटर लंबे हाई स्पीड रेल कॉरिडोर पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है. इस परियोजना का लक्ष्य 2027 की आखिरी तिमाही में पहली ट्रेन सेवा शुरू करना है.

मुंबई में जमीन से 100 फीट नीचे बनेगा बुलेट ट्रेन का स्टेशन

मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में बुलेट ट्रेन का एक खास भूमिगत स्टेशन बनाया जा रहा है. इसकी खुदाई जमीन से लगभग 32 मीटर यानी करीब 100 फीट नीचे की जा रही है. इतनी गहराई में स्टेशन का निर्माण इस परियोजना की सबसे खास इंजीनियरिंग उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है.

योजना के मुताबिक, स्टेशन में प्लेटफॉर्म, यात्रियों के लिए कॉन्कोर्स और अन्य जरूरी सेवाओं के लिए अलग-अलग स्तर बनाए जाएंगे. यहां छह प्लेटफॉर्म प्रस्तावित हैं और प्रत्येक की लंबाई 400 मीटर से अधिक होगी. मुंबई के व्यस्त कारोबारी इलाके में इस स्टेशन का निर्माण हाई स्पीड रेल नेटवर्क को शहर से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा.

समुद्र के नीचे 7 किलोमीटर लंबी सुरंग से गुजरेगी बुलेट ट्रेन

इस परियोजना का एक और महत्वपूर्ण हिस्सा महाराष्ट्र में बन रही रेल सुरंग है. लगभग 21 किलोमीटर लंबे सुरंग खंड में से करीब 7 किलोमीटर हिस्सा ठाणे क्रीक के नीचे बनाया जा रहा है. इसके पूरा होने पर बुलेट ट्रेन समुद्र के नीचे बनी सुरंग से होकर गुजरेगी.

रेल मंत्री की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, सुरंग निर्माण के लिए भारी-भरकम टनल बोरिंग मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है. ये मशीनें जमीन और चट्टानों के भीतर खुदाई करके सुरंग तैयार करती हैं. समुद्र के नीचे रेल सुरंग का निर्माण परियोजना के सबसे चुनौतीपूर्ण कार्यों में शामिल है.

320 KM प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी बुलेट ट्रेन

मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर को अधिकतम 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन चलाने के हिसाब से तैयार किया जा रहा है. इससे दोनों प्रमुख शहरों के बीच यात्रा का समय कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है.

जबकि, वास्तविक यात्रा समय ट्रेन के परिचालन कार्यक्रम, स्टॉपेज और सेवा शुरू होने के बाद तय व्यवस्था पर निर्भर करेगा. फिलहाल परियोजना के अलग-अलग हिस्सों में ट्रैक, स्टेशन, सुरंग और अन्य रेल सुविधाओं का निर्माण जारी है.

मुंबई से अहमदाबाद के बीच होंगे 12 प्रमुख स्टेशन

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर कुल 12 प्रमुख स्टेशन प्रस्तावित हैं. इनमें मुंबई का बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स, ठाणे, विरार, बोइसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद और साबरमती शामिल हैं.

यह कॉरिडोर महाराष्ट्र और गुजरात के प्रमुख शहरों को जोड़ेगा तथा केंद्रशासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव के क्षेत्र से भी होकर गुजरेगा. परियोजना के पूरा होने पर यात्रियों को इन शहरों के बीच तेज रेल कनेक्टिविटी का विकल्प मिलने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें: खरगे के 'बाप' वाले बयान पर बवाल: पहले भी पीएम मोदी के मां-पिता पर विवादित टिप्पणी कर चुके हैं कांग्रेसी नेता