national
खरगे के 'बाप' वाले बयान पर बवाल: पहले भी पीएम मोदी के मां-पिता पर विवादित टिप्पणी कर चुके हैं कांग्रेसी नेता

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिए गए बयान के बाद कांग्रेस और बीजेपी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने खरगे की टिप्पणी की आलोचना करते हुए कांग्रेस पर राजनीतिक मर्यादा लांघने का आरोप लगाया है. हालांकि, कांग्रेस ने खरगे के बयान का बचाव किया है. यह पहला मौका नहीं है, जब प्रधानमंत्री मोदी की मां या परिवार को लेकर कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों पर विवाद हुआ है. आइए जानते हैं कि कांग्रेस नेताओं ने कब-कब प्रधानमंत्री मोदी के परिवार को लेकर विवादित बयान दिए.
खरगे के बयान पर कैसे शुरू हुआ विवाद?
डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर रविवार को पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे संबोधित कर रहे थे. इसी दौरान कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाएंगे. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए खरगे ने कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा.”
इसके बाद खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए उन पर झूठ बोलने का आरोप लगाया. उन्होंने काले धन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मोदी ने शुरुआती 100 दिनों में विदेशों से काला धन वापस लाने की बात कही थी. खरगे ने सवाल किया कि वह पैसा कहां है. अपने संबोधन में उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की विचारधारा पर भी निशाना साधा.
खरगे की टिप्पणी सामने आने के बाद बीजेपी ने इसे प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति आपत्तिजनक भाषा करार दिया और कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाए.
View on Instagram
अमित शाह बोले- कांग्रेस ने राजनीतिक मर्यादा की सीमाएं पार कीं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर खरगे के बयान की आलोचना की. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के पिता को लेकर अभद्र टिप्पणी करके राजनीतिक शिष्टाचार की सीमाएं पार कर दी हैं.
शाह ने दावा किया कि कांग्रेस पहले भी प्रधानमंत्री और उनके परिवार को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करती रही है. उन्होंने हीराबेन के संदर्भ में की गई टिप्पणियों, नरेंद्र मोदी को 'मौत का सौदागर' कहे जाने और उनके चाय बेचने की पृष्ठभूमि पर किए गए तंज का भी उल्लेख किया.
शाह ने कांग्रेस की लगातार चुनावी हार को भी इस विवाद से जोड़ा. उनके मुताबिक, पार्टी के पास अब नीतिगत मुद्दों की कमी है और वह व्यक्तिगत आरोपों की राजनीति कर रही है. उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस अपना जनाधार खोने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं का समर्थन भी खो रही है.
नितिन नबीन ने भी कांग्रेस पर साधा निशाना
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी खरगे की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ इस्तेमाल की गई भाषा कांग्रेस की वैचारिक कमजोरी को दर्शाती है.
नवीन ने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोध की भी एक मर्यादा होती है और सार्वजनिक भाषणों में दिवंगत परिजनों को घसीटना उचित नहीं है. उन्होंने खरगे के बयान को केवल उनकी व्यक्तिगत टिप्पणी मानने के बजाय कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति से जोड़कर पेश किया.
पवन खेड़ा ने किया खरगे का बचाव, बीजेपी पर लगाए आरोप
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने खरगे का बचाव करते हुए बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यह दूसरी बार है, जब संघ और बीजेपी से जुड़े लोगों ने खरगे के प्रति अपमानजनक व्यवहार किया है.
खेड़ा के मुताबिक, इससे पहले उत्तराखंड में खरगे के दलित होने के कारण कथित तौर पर 'शुद्धीकरण' अनुष्ठान किया गया था. उन्होंने दावा किया कि पटना में खरगे के भाषण के दौरान भी बीजेपी के एक कार्यकर्ता ने आपत्तिजनक टिप्पणी की थी.
खेड़ा ने आरोप लगाया कि कार्यकर्ता ने कहा था कि मोदी कहीं नहीं जाएंगे और उनके पिता के आने पर भी नहीं जाएंगे. खेड़ा के अनुसार, इसी टिप्पणी के जवाब में खरगे ने पलटवार किया. उन्होंने दावा किया कि खरगे की टिप्पणी का संदर्भ प्रधानमंत्री के वैचारिक मार्गदर्शकों, यानी संघ और मोहन भागवत, से था.
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का बार-बार अपमान किया जा रहा है और इसके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हाथ है. उन्होंने कहा कि देश इस पूरे घटनाक्रम को देख रहा है और इसे कभी माफ नहीं करेगा.
2018: राज बब्बर ने रुपये की तुलना मोदी की मां की उम्र से की
नवंबर 2018 में मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान कांग्रेस नेता राज बब्बर ने रुपये की गिरती कीमत को लेकर टिप्पणी की थी. उन्होंने रुपये के मूल्य की तुलना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां की उम्र से की थी.
बब्बर ने कहा था कि प्रधानमंत्री बनने से पहले मोदी अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरती कीमत की तुलना तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की उम्र से करते थे. इसके बाद बब्बर ने कहा था, “मिस्टर प्राइम मिनिस्टर, उस समय आपने इज्जत से उनका (मनमोहन सिंह) नाम नहीं लिया था. हालांकि हमारी परंपरा इसकी इजाजत नहीं देती, लेकिन हम कहना चाहते हैं कि अब रुपये की वैल्यू आपकी आदरणीय मां की उम्र जितनी गिर गई है.”
इस टिप्पणी को लेकर बीजेपी ने राज बब्बर और कांग्रेस पर निशाना साधा था.
2018: विलास मुत्तेमवार ने प्रधानमंत्री के पिता का किया जिक्र
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री विलास मुत्तेमवार का बयान भी विवादों में आया था. उन्होंने नरेंद्र मोदी की राजनीतिक पहचान की तुलना राहुल गांधी की पारिवारिक और राजनीतिक पृष्ठभूमि से करते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री बनने से पहले मोदी को कौन जानता था और उनके पिता को भी बहुत कम लोग जानते थे, जबकि राहुल गांधी के पिता को सभी जानते हैं.
इस बयान को बीजेपी ने प्रधानमंत्री और उनके परिवार का अपमान बताते हुए कांग्रेस की आलोचना की थी.
अगस्त 2025: दरभंगा में पीएम मोदी की मां पर कथित अभद्र टिप्पणी
अगस्त 2025 में बिहार के दरभंगा में कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की वोटर अधिकार यात्रा से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने को लेकर विवाद हुआ था.
इस घटना के बाद बीजेपी ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा था. मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया था और दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए थे.
सितंबर 2025: बिहार कांग्रेस के AI वीडियो पर हुआ विवाद
सितंबर 2025 में बिहार कांग्रेस के आधिकारिक एक्स (X) हैंडल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां हीराबेन को दिखाने वाला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार एक वीडियो पोस्ट किया गया था.
वीडियो में मां और बेटे के बीच काल्पनिक बातचीत दिखाई गई थी, जिसमें मां प्रधानमंत्री की राजनीति पर सवाल उठाती नजर आती हैं. बीजेपी ने इस वीडियो को प्रधानमंत्री और उनकी मां का अपमान बताते हुए विरोध किया था.
वहीं, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने वीडियो का बचाव करते हुए कहा था कि इसमें मां अपने बेटे को सही सलाह देती नजर आ रही हैं. इस वीडियो को लेकर भी कांग्रेस और बीजेपी के बीच तीखी बयानबाजी हुई थी.
ये भी पढ़ें: खरगे के 'मोदी का बाप भी जाएगा' बयान पर भड़की BJP: अमित शाह बोले- अब गाली देना ही बचा है; संबित पात्रा ने राहुल गांधी को घेरा