समाचार · हरियाणा
सोनीपत पुलिस जवानों ने नेशनल पुलिस म्यूजियम का दौरा किया:शहीदों के बलिदान से हुए रूबरू, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना बढ़ाना मुख्य उद्देश्य
सोनीपत पुलिस कमिश्नर ममता सिंह (IPS, ADGP) के दिशा-निर्देशानुसार पुलिस के 26 जवानों के एक विशेष दल ने रविवार को नई दिल्ली स्थित नेशनल पुलिस म्यूजियम (राष्ट्रीय पुलिस संग्रहालय) का दौरा किया। इस अध्ययन व प्रेरणादायक भ्रमण दल का नेतृत्व भिलाई निरीक्षक जसमेर तथा लाइन अफसर उप-निरीक्षक कुलदीप सिंह ने किया। संग्रहालय भ्रमण के दौरान पुलिसकर्मियों ने देशभर के अमर शहीद पुलिस जवानों के जीवन, उनके अनुकरणीय योगदान और अदम्य साहस की शौर्यगाथाओं को करीब से जाना। इसके साथ ही जवानों ने भारतीय पुलिस सेवा के गौरवशाली इतिहास, विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों की ऐतिहासिक उपलब्धियों और देश की आंतरिक सुरक्षा व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस बल के अप्रतिम योगदान का गहन अवलोकन किया। जवानों में कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना बढ़ाना मुख्य उद्देश्य सोनीपत पुलिस प्रशासन के अनुसार, इस दौरे का मुख्य उद्देश्य पुलिस जवानों के भीतर देशभक्ति, उच्च कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा के प्रति पूर्ण समर्पण की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना था। यह भ्रमण सभी जवानों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक साबित हुआ, जहां उन्हें देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों के उच्च आदर्शों को अपने जीवन और कार्यशैली में ढालने की सीख मिली।