समाचार · मध्य प्रदेश
बाजार में लड़की की चोटी पकड़कर पीटा, एक गिरफ्तार:शिवपुरी में अश्लील कमेंट किया, स्कूटी को कट मारा; विरोध करने पर हमला
शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र में रविवार शाम 17 वर्षीय छात्रा के साथ सरेराह मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार सवार चार युवक काफी दूर से छात्रा का पीछा कर हॉर्न बजाकर परेशान कर रहे थे। विष्णु मंदिर के पास उन्होंने छात्रा की स्कूटी में कट मार दिया। विरोध करने पर युवकों ने उसकी चोटी पकड़कर मारपीट की। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है। सहेली के घर पढ़ने जा रही थी लड़की
जानकारी के अनुसार, छात्रा रविवार शाम अपनी स्कूटी से पुरानी शिवपुरी में एक सहेली के घर पढ़ने जा रही थी। इसी दौरान सिद्धेश्वर मेला ग्राउंड की तरफ से आ रही कार में सवार चार युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि युवक हॉर्न बजाकर परेशान करने के साथ अश्लील कमेंट भी कर रहे थे।
विष्णु मंदिर के पास युवकों ने छात्रा की स्कूटी में कट मार दिया। छात्रा ने स्कूटी रोककर उनकी हरकत का विरोध किया तो चारों युवक कार से उतर आए और उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोपियों ने छात्रा की चोटी पकड़कर उसे पीटा। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी सहेली के साथ भी झूमाझटकी की गई। राहगीरों ने एक आरोपी को पकड़ा
छात्रा के साथ मारपीट होते देख मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप किया। इस दौरान एक युवक को पकड़ लिया गया, जबकि तीन अन्य कार लेकर भाग निकले। पकड़े गए युवक की पहचान पुराना अमोला निवासी बृजेंद्र गुर्जर के रूप में हुई है। उसे लोगों ने फिजिकल थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए युवक ने अपने साथियों के नाम बृजमोहन गुर्जर, मोनू चंदेल और विक्रम बुंदेला बताए हैं। वारदात में इस्तेमाल कार विक्रम बुंदेला की बताई जा रही है। फिजिकल थाना टीआई अविनाश राठौड़ ने बताया कि छात्रा की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार तीन आरोपियों और कार की तलाश की जा रही है।