समाचार · मध्य प्रदेश
खरगोन में संत सिंगाजी मंदिर की नींव रखी गई:1 करोड़ रुपए से होगा निर्माण, शरद पूर्णिमा पर मौनी बापू ने किया भूमिपूजन
खरगोन जिले के बलखड़-महाराजखेड़ी में निमाड़ के प्रख्यात संत सिंगाजी महाराज का मंदिर बनने जा रहा है। लगभग एक करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस मंदिर के निर्माण का शुभारंभ रविवार को शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर हुआ। इस खास मौके पर आसपास के 18 गांवों के 5 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे और धार्मिक अनुष्ठान के साक्षी बने। संत सिंगाजी महाराज मंदिर जीर्णोद्धार समिति की मौजूदगी में बलगांव गौशाला के संत गुरुदेव मौनी बापू ने विधि-विधान से मंदिर की नींव रखी। पंडित महेश डोंगरे ने मुख्य पूजन-अर्चना करवाई। इस दौरान पूरा प्रांगण 'नर्मदे हर' और संत सिंगाजी महाराज के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने मौनी बापू का आशीर्वाद लिया, वहीं समिति अध्यक्ष मधुसूदन पटेल ने उन्हें शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। जनसहयोग से बनेगा 1271 वर्गफीट में भव्य मंदिर मंदिर निर्माण के लिए करीब एक करोड़ रुपए की राशि जनसहयोग से जुटाई जाएगी। 1271 वर्गफीट क्षेत्र में बनने वाला यह मंदिर आने वाले समय में पूरे इलाके के लिए आस्था का बड़ा केंद्र बनेगा। कार्यक्रम के अंत में 18 गांवों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद प्रसादी ग्रहण की।