Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

PM मोदी पर विवादित टिप्पणी से बढ़ीं खरगे की मुश्किलें, पटना के कोतवाली थाने में कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज

INT News25 October 2026 at 09:28 pm

BJP On Mallikarjun Kharge: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई टिप्पणी का मामला अब थाने तक पहुंच गया है. भाजपा के बिहार प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णा कुमार सिंह कल्लू ने पटना के कोतवाली थाने में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में खरगे पर प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता को लेकर अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है. शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है.

25 अक्टूबर को बापू सभागार में दिया था बयान

शिकायत के मुताबिक, 25 अक्टूबर 2026 को पटना के बापू सभागार में श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के कार्यक्रम के दौरान यह टिप्पणी की गई थी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की विचारधारा पर निशाना साधा था.

इसी दौरान सभा में मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहीं नहीं जाएंगे. इस पर खरगे ने जवाब देते हुए कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा.” इस टिप्पणी के बाद सभागार में हंगामे जैसी स्थिति बन गई थी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

शिकायत में क्या कहा गया?

भाजपा नेता कृष्णा कुमार सिंह कल्लू ने कोतवाली थाने में दिए आवेदन में कहा है कि सार्वजनिक मंच से किसी व्यक्ति के परिवार को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल संवेदनशील मामला है. उन्होंने सार्वजनिक जीवन में संवाद की मर्यादा और आपसी सम्मान बनाए रखने पर जोर दिया है.

शिकायतकर्ता ने पुलिस से संबंधित समाचारों, वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच करने की मांग की है. आवेदन में कहा गया है कि यदि जांच में कानून के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए.

पुलिस की कार्रवाई पर नजर

खरगे की टिप्पणी के बाद भाजपा नेताओं ने पहले भी इस पर आपत्ति जताई है और माफी की मांग की है. अब भाजपा नेता की शिकायत के बाद मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी.

Also Read: खरगे के 'मोदी का बाप भी जाएगा' बयान पर भड़के CM सम्राट, बोले- कांग्रेस और राहुल गांधी तुरंत मांगें माफी