समाचार · छत्तीसगढ़
बीजेपी के पोस्टर में ‘घोटालों की क्लास:भूपेश बघेल पर तंज; दीपक बैज बोले- बीजेपी अब पोस्टर में सिमट चुकी
दुर्ग में शिक्षक दिवस के दिन 5 सितंबर से शुरू हुए तीन दिवसीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर के बीच बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी तकरार तेज हो गई है। बीजेपी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तंज कसते हुए अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्टर जारी किया। इसमें भूपेश बघेल को ‘घोटालों की क्लास’ के सामने दिखाया गया है। पोस्टर के साथ बीजेपी ने लिखा- गुरु बिन ज्ञान कैसा... भूपेश बिन घोटाला कैसा...’ बीजेपी के इस पोस्टर के सामने आने के बाद कांग्रेस ने भी पलटवार किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चेयरमैन दीपक बैज ने बीजेपी की पोस्टर राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब भारतीय जनता पार्टी के पास पोस्टर के अलावा कुछ बचा ही नहीं है। बीजेपी ने शिक्षक दिवस को बनाया तंज का मौका
5 सितंबर को देशभर में शिक्षक दिवस मनाया गया। इसी दिन दुर्ग में बीजेपी का तीन दिवसीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ। इसी मौके को लेकर बीजेपी ने भूपेश बघेल को निशाने पर लिया। सोशल मीडिया पर जारी पोस्टर में ‘घोटालों की क्लास’ लिखकर भूपेश बघेल की तस्वीर लगाई गई। पोस्टर के जरिए बीजेपी ने कांग्रेस के पिछले शासनकाल को घोटालों से जोड़ते हुए हमला बोला। पोस्टर का संदेश भी शिक्षक दिवस से जोड़कर बनाया गया, जिसमें ‘गुरु’ और ‘ज्ञान’ का जिक्र करते हुए भूपेश बघेल पर तंज कसा गया। दीपक बैज बोले- पोस्टर के अलावा बीजेपी के पास बचा क्या है?
कांग्रेस नेता दीपक बैज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अब पोस्टर में सिमट चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर बीजेपी के पास हर जगह लगाने के लिए पोस्टर हैं तो उन्हें खंभों और सड़कों के पोल पर लगाए जाने वाले पोस्टर भी जारी करने चाहिए। बैज ने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में शायद ही कोई ऐसा सड़क का खंभा बचा होगा, जहां सरकार का पोस्टर नहीं लगा हो। उनके मुताबिक बीजेपी अब अपने मुख्यमंत्री का चेहरा चमकाने के लिए पोस्टरबाजी कर रही है। 1100 करोड़ रुपए के खर्च का सवाल उठाया
दीपक बैज ने सरकार पर पोस्टर और मुख्यमंत्री का चेहरा चमकाने के लिए जनता के पैसे खर्च करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश की आम जनता के 1100 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च कर चुकी है। बैज ने सवाल किया कि यह पैसा कहां गया? उन्होंने कहा कि सरकार पोस्टर और चेहरा तो चमका रही है, लेकिन जमीन पर हालात क्या हैं, यह प्रदेश की जनता जानती है।