समाचार · मध्य प्रदेश
शिवपुरी में चार दिन में 6.65 इंच बारिश:मड़ीखेड़ा डैम 92.14% भरा, चार गेटों से पानी की निकासी जारी
शिवपुरी जिले में पिछले चार दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है। इससे जलस्रोतों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। 3 सितंबर को जिले की औसत बारिश 701.52 मिमी थी, जो 6 सितंबर तक बढ़कर 870.53 मिमी पहुंच गई। यानी चार दिनों में जिले में औसतन 169.01 मिमी यानी करीब 6.65 इंच बारिश हुई है। सामान्य औसत से 54.23 मिमी ज्यादा बारिश भू-अभिलेख विभाग के अनुसार शिवपुरी जिले की सामान्य वार्षिक औसत वर्षा 816.3 मिमी है। इस सीजन में अब तक 870.53 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य औसत से 54.23 मिमी अधिक है। 6 सितंबर तक तहसीलवार बारिश की स्थिति: लगातार बारिश और ऊपरी इलाकों से पानी की आवक के चलते सिंध परियोजना का अटल सागर मड़ीखेड़ा डैम तेजी से भर रहा है। रविवार सुबह 8 बजे डैम का जलस्तर 345.30 मीटर दर्ज किया गया। इसका पूर्ण भराव स्तर (FRL) 346.25 मीटर है। डैम में फिलहाल 769.19 एमसीएम पानी उपलब्ध है, जो कुल क्षमता का 92.14 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में डैम में औसतन 1149.94 क्यूमेक्स पानी की आवक दर्ज की गई। चार गेट खोलकर पानी छोड़ा बढ़ती आवक को देखते हुए डैम के गेटों से पानी की निकासी जारी है। सुबह 7:30 बजे की स्थिति में गेट नंबर 5 और 6 को एक-एक मीटर तथा गेट नंबर 4 और 7 को 0.5-0.5 मीटर खोला गया था। इसके अलावा पावर हाउस से 135.42 क्यूमेक्स और उकायला की ओर 5 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा था। सुबह 8 बजे के आंकड़ों के अनुसार डैम से कुल आउटफ्लो करीब 950.06 क्यूमेक्स दर्ज किया गया। पिछले साल इसी समय 97.09% था भराव बारिश के बाद इस साल डैम 92 प्रतिशत से ज्यादा भर चुका है, हालांकि पिछले साल की तुलना में जलभराव अभी कम है। 6 सितंबर 2025 को इसी समय डैम का जलस्तर 345.90 मीटर और जलभराव 810.56 एमसीएम यानी 97.09 प्रतिशत था। इस लिहाज से पिछले साल की तुलना में इस बार डैम में करीब 41.37 एमसीएम कम पानी है। वहीं जिले में भी पिछले साल 6 सितंबर तक 1371.52 मिमी औसत बारिश हो चुकी थी, जबकि इस साल अब तक 870.53 मिमी बारिश दर्ज हुई है। लगातार बारिश के चलते डैम में करीब 1150 क्यूमेक्स पानी की आवक बनी हुई है। ऐसे में सिंध परियोजना क्षेत्र में जलस्तर और पानी की आवक पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।