समाचार · मध्य प्रदेश
टीकमगढ़ में अनियंत्रित कार महेंद्र सागर तालाब में गिरी:3 लोगों सहित शराब के नशे में था चालक; गहराई कम होने से बाल-बाल बचे
टीकमगढ़ में शनिवार देर रात महेंद्र सागर तालाब में एक तेज रफ्तार कार गिरकर पलट गई। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने तालाब में कार देखी तो कोतवाली पुलिस को जानकारी दी। पुरानी टिहरी बाईपास पर हुए इस हादसे के दौरान चार लोग नशे की हालत में कार में सवार थे। जिस जगह कार पलटी, वहां तालाब में गहराई कम होने के कारण चारों लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। शराब के नशे में गाड़ी चला रहे थे युवक एसडीओपी राहुल कटरे ने बताया कि कार में देहात थाना क्षेत्र की भगत नगर कॉलोनी निवासी हरीश अहिरवार (32) अपने तीन साथियों के साथ था। पुलिस ने जब हरीश को पूछताछ के लिए बुलाया, तो वह नशे में था। किसी को गंभीर चोट नहीं आई। जानकारी के मुताबिक, कार सवार चारों लोगों ने काफी शराब पी रखी थी। पुलिस पूछताछ में सामने आया की युवक नशे की हालत में थे और सड़क पर अचानक जानवर आ जाने से कार का नियंत्रण खो बैठे। कई बार स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की, अब तक नहीं लगी स्थानीय लोगों का कहना है कि बाईपास रोड पर रात में अंधेरा रहता है। स्ट्रीट लाइट लगाने की कई बार मांग की गई है, लेकिन नगर पालिका अभी तक लाइटें नहीं लगा रही है।