समाचार · उत्तर प्रदेश
"बरेली से देहरादून तक हेरोइन का जाल!" कॉलेज छात्रों तक कैसे पहुंच रहा था नशा? ANTF ने 2.60 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर दबोचा

Bareilly Heroin Smuggling: उत्तर प्रदेश के बरेली में हेरोइन तस्करी के एक नेटवर्क का खुलासा हुआ है. ANTF और मीरगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 1 किलो 300 ग्राम हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस के अनुसार, आरोपी बरेली से हेरोइन लेकर देहरादून जाता था और वहां हॉस्टल में रहने वाले युवाओं और कॉलेज छात्रों को इसकी सप्लाई करता था.
1.30 किलो हेरोइन के साथ दबोचा गया आरोपी
पकड़े गए आरोपी की पहचान फरीदपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव निवासी जब्बार खां के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, उसे 5 सितंबर को मीरगंज क्षेत्र के परौरा कट के पास से 1 किलो 300 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया. आरोपी के पास से 1200 रुपये और एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है. पुलिस ने बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 2 करोड़ 60 लाख रुपये बताई है.
महीने में 25-30 बार देहरादून जाने का दावा
देहरादून एसपी साउथ अंशिका वर्मा के अनुसार, पूछताछ में जब्बार ने बताया कि वह अपने भाई के साथ मिलकर हेरोइन की तस्करी करता था. पुलिस के मुताबिक, सिर्फ इसी महीने वह 25 से 30 बार हेरोइन लेकर देहरादून जा चुका था. वहां वह हॉस्टल में रहने वाले युवाओं और कॉलेज छात्रों को हेरोइन की सप्लाई करता था.
मोबाइल से खुलेगा सप्लायर और ग्राहकों का राज
पुलिस अब आरोपी के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और व्हाट्सएप चैट खंगाल रही है. जांच के जरिए देहरादून में उसके संपर्क में रहे लोगों और बरेली में उसे कथित तौर पर हेरोइन उपलब्ध कराने वाले सप्लायर तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. पुलिस आरोपी के भाई और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है.
NDPS एक्ट में मुकदमा, जेल भेजा
आरोपी के खिलाफ मीरगंज थाने में NDPS एक्ट की धारा 8/21/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया गया. अब पुलिस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है.
Must Read: एक मंच पर जुटेगा स्वाद और कारोबार! जानिए ‘टेस्ट ऑफ उत्तर प्रदेश’ में किन 29 खानपान उद्यमियों को MSME मंत्री करेंगे सम्मानित