Tuesday, 14 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

दतिया में ट्रैक्टर से टकराकर पलटी टैक्सी:आठ घायल, चार जिला अस्पताल रेफर; हादसे के बाद ड्राइवर ट्रैक्टर समेत फरार

INT News14 July 2026 at 02:45 pm

दतिया के भांडेर थाना क्षेत्र में ततारपुर गांव के पास मंगलवार दोपहर 12 बजे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से एक टैक्सी पलट गई। हादसे में टैक्सी में सवार आठ लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भांडेर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल दतिया रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार नोबई गांव निवासी राजकुमार आदिवासी (26), रामचरण अहिरवार (70), भैयालाल आदिवासी (22), कीर्ति आदिवासी (20), सलमान खान (22), बेनी बाई जाटव (70), रामरती दोहरे (65) और जानकी देवी आदिवासी टैक्सी से खरीदारी के लिए भांडेर आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टैक्सी में टक्कर मार दी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में जानकी देवी आदिवासी, भैयालाल आदिवासी, बेनी बाई जाटव और कीर्ति आदिवासी को गंभीर चोटें आने पर जिला अस्पताल दतिया रेफर किया गया है। घटना के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। भांडेर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ड्राइवर की तलाश में जुटी है।