Tuesday, 14 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

गुना में कांग्रेस पार्षद पर तलवार-लाठियों से हमला:जमीनी विवाद में वारदात का आरोप, सिर फूटा; सोने की चेन और नकदी लूटने की शिकायत

INT News14 July 2026 at 03:46 pm

गुना के वार्ड क्रमांक-21 के कांग्रेस पार्षद रामवीर जाटव पर मंगलवार सुबह कथित रूप से तलवार और लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पार्षद ने जमीनी विवाद को लेकर घात लगाकर हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में उनके सिर में गंभीर चोट आई। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) से शिकायत की है। पार्षद रामवीर जाटव ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे वह अपने भाई रविन्द्र के साथ बरसात से पहले क्षेत्र में साफ-सफाई की समस्याओं का जायजा लेने और लोगों से मिलने जगपुर गए थे। बलवीर सहरिया की जमीन के पास पहुंचते ही गप्पू पारदी, नागकन्या पारदी, वाशु पारदी, सहू पारदी, राहुल पारदी, काली बाई सहित करीब 15 अन्य लोगों ने एकराय होकर उन पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट, लूट का भी आरोप पार्षद का आरोप है कि हमलावरों ने तलवार और लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान हमलावर उनकी गले से सोने की चेन और जेब में रखे 10 हजार रुपए नकद भी ले गए। घटना के बाद उनके भाई रविन्द्र उन्हें थाने ले गए, जहां आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए आवेदन दिया गया। इसके बाद दोनों कंट्रोल रूम में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे और पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की। मुख्य आरोपी पर पहले से कई मामले दर्ज होने का दावा पार्षद ने दावा किया कि मुख्य आरोपी गप्पू पारदी के खिलाफ पहले से लूट, चोरी और हत्या जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।