Tuesday, 14 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

रोहतक सिटी थाने में महिला ने लगाया मारपीट का आरोप:पीड़िता बोली, शिकायत दर्ज करवाने गई, गाली गलौच की वीडियो बनाने पर छीना फोन

INT News14 July 2026 at 03:52 pm

रोहतक में रेलवे रोड पर दुकान में महिला ग्राहक द्वारा की गई मारपीट के बाद सिटी थाने में शिकायत दर्ज करवाने गई महिला दुकानदार व उसके बेटे के साथ मारपीट की गई। महिला दुकानदार व उसके बेटे ने पुलिसकर्मियों पर ही मारपीट के आरोप लगाए और सिविल अस्पताल में एमएलआर कटवाई है। वहीं, थाना इंचार्ज ने महिला दुकानदार पर ही अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। महिला दुकानदार संतोष ने बताया कि उसकी रेलवे रोड पर कपड़ों की दुकान है। तीन महीने पहले एक महिला ग्राहक सूट लेकर गई थी, जो कल दोपहर को आई और सूट महंगा देने की बात करते हुए 50 रुपए वापस मांगने लगी। जब संतोष ने रुपए देने से मना किया तो ग्राहक ने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। संतोष व महिला ग्राहक के बीच हुए झगड़े की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। संतोष ने तुरंत डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को बुलाया था, जिन्होंने सिटी थाने में शिकायत दर्ज करवाने की बात कही। इसी मामले में आज संतोष अपने बेटे कुलजीत को लेकर शिकायत दर्ज करवाने गई थी। शिकायत लेने की बजाय महिला पुलिसकर्मी ने की मारपीट

महिला दुकानदार संतोष ने बताया कि जब वह अपने बेटे के साथ सिटी थाने में शिकायत दर्ज करवाने गई तो वहां महिला पुलिसकर्मी का व्यवहार अच्छा नहीं था। बेटा जब फोन में झगड़े की वीडियो दिखा रहा था तो महिला पुलिसकर्मी ने उसे गाली देते हुए थप्पड़ मार दिया। जब उसने महिला पुलिसकर्मी की वीडियो बनानी शुरू की तो उसके साथ भी मारपीट करने लगे। पुरुष पुलिसकर्मियों ने पकड़े हाथ

संतोष ने आरोप लगाया कि थाने में दो पुरुष पुलिसकर्मियों ने उसके हाथ पकड़ लिए और महिला पुलिसकर्मी ने उसका फोन छीन लिया। महिला पुलिसकर्मी की जो वीडियो बनाई थी, उसे डिलीट कर दिया। साथ ही बेटे को लॉकअप में डालकर मारपीट की। साथ ही उसके साथ भी मारपीट करते हुए कपड़े भी फाड़ दिए। महिला पुलिसकर्मी ने मारा थप्पड़

संतोष के बेटे कुलजीत ने बताया कि रेलवे रोड पर महिला ग्राहक द्वारा मां संतोष के साथ की गई मारपीट की शिकायत करने सिटी थाने गए थे, जहां महिला पुलिसकर्मी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। फुटेज दिखाने के दौरान गाली देते हुए थप्पड़ मारा। इसके बाद दो-तीन पुलिसकर्मी ओर आ गए, जिन्होंने उसे लॉकअप में डाला और मारपीट की। इसके बारे में एसएचओ को शिकायत दी है। महिला दुकानदार व उसके बेटे ने किया अभद्र व्यवहार

सिटी थाना एसएचओ रमेश कुमार ने बताया कि महिला दुकानदार संतोष व उसके बेटे ने थाने में आकर पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया है। कल भी एक महिला ग्राहक के साथ संतोष ने बुरी तरह मारपीट की है। इसके बाद थाने में आकर पुलिसकर्मियों के साथ गलत व्यवहार किया है। उनके साथ थाने में कोई मारपीट नहीं हुई।