समाचार · हरियाणा
करनाल में 16 वर्षीय छात्र की पीट-पीटकर हत्या:स्कूल में हुए विवाद की रंजिश में वारदात की आशंका, प्रसाद लेने निकला था घर से
हरियाणा के करनाल जिले के धोलगढ़ गांव में 16 वर्षीय छात्र की हत्या से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कूल में हुए पुराने विवाद की रंजिश में चार-पांच युवकों ने छात्र पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्र को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस सीआईए की कई टीमें मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। प्रसाद लेने गया था, लौटते समय घेरकर हमला
मृतक की पहचान प्रतीक (16) पुत्र विजय, निवासी धोलगढ़ के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, प्रतीक घर से गांव उचाना स्थित दुकान पर प्रसाद लेने गया था। लौटते समय गांव के बाहरी क्षेत्र में पहले से घात लगाए बैठे चार-पांच युवकों ने उसे रोक लिया और हमला कर दिया। स्कूल के छात्रों से चल रहा था विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले स्कूल में छात्रों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि उसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
हमले में गंभीर रूप से घायल प्रतीक को परिजन तुरंत पार्क अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस जुटी जांच में
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हत्या के पीछे की वजह का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।