समाचार · पंजाब
संगरूर में अकाली दल पुनर सुरजीत की मांग:'सतलुज' फिल्म से प्रतिबंध हटे, खालड़ा मामले में 'सत्य आयोग' बनाया जाए
संगरूर में शिरोमणि अकाली दल पुनर सुरजीत ने आज 'सतलुज' फिल्म पर लगे प्रतिबंध को तत्काल हटाने की मांग की है। पार्टी ने इस संबंध में गृहमंत्री अमित शाह के नाम एक ज्ञापन उपायुक्त (DC) को सौंपा। ज्ञापन में खालड़ा मामले के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पंजाब में 1980-95 के दौरान हुई घटनाओं की सच्चाई सामने लाने के लिए 'सत्य आयोग' (ट्रुथ कमीशन) के गठन की भी मांग की गई है। अकाली दल बोली- ये फिल्म जसवन्त सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित पार्टी ने बताया कि यह फिल्म शहीद भाई जसवन्त सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित है। अकाली दल पुनर सुरजीत का कहना है कि भाई खालड़ा ने मानवाधिकारों की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उनके जीवन पर बनी फिल्म को लोगों तक पहुंचने से रोकना उचित नहीं है, क्योंकि जनता को इतिहास और सच्चाई जानने का पूरा अधिकार है। पार्टी ने केंद्र सरकार से अपील की है कि खालड़ा मामले में न्याय सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए जल्द से जल्द एक सत्य आयोग का गठन किया जाए।