समाचार · हरियाणा
पलवल जिला अस्पताल का सीएमओ ने किया निरीक्षण:टॉर्च की रोशनी में हुई डिलीवरी के बाद बढ़ी सख्ती, स्टाफ को दिए निर्देश
पलवल में जिला नागरिक अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान बिजली गुल होने की घटना के बाद अस्पताल प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी क्रम में मंगलवार को सीएमओ डॉ. सतिंद्र वशिष्ठ ने जिला अस्पताल के विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सिविल सर्जन डॉ. वशिष्ठ मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे जिला नागरिक अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने ओपीडी सहित अन्य कमरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों से भी उनकी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां पूछीं। 'मरीज को किसी प्रकार की परेशानी न हो' निरीक्षण के बाद, सीएमओ ने डॉक्टरों और स्टाफ को निर्देश दिए कि वे अपनी ड्यूटी के दौरान पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहें। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि अस्पताल आने वाले किसी भी मरीज या नागरिक को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। गौरतलब है कि गुरुवार रात करीब 10 बजे अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर की बिजली अचानक गुल हो गई थी। बिजली जाने के बाद अस्पताल का जनरेटर और इनवर्टर सिस्टम भी काम नहीं कर पाया था। करीब 15 मिनट तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। डॉक्टरों और स्टाफ को दिए कड़े निर्देश हालांकि, बिजली गुल होने के बावजूद ऑपरेशन कर रहे डॉक्टर ने मोबाइल टॉर्च की रोशनी में सिजेरियन डिलीवरी सफलतापूर्वक की थी। इस लापरवाही के बाद अस्पताल प्रशासन पर गंभीर सवाल उठे थे, क्योंकि अचानक बिजली चले जाने से जच्चा और बच्चा दोनों की जान को खतरा हो सकता था।