समाचार · मध्य प्रदेश
भिंड में भाई-बहन को सांप ने डसा, दोनों की मौत:रोने की आवाज सुनकर जागा बड़ा भाई, पलंग के पास दिखा सांप
भिंड के देहात थाना क्षेत्र के पुर गांव में सोमवार की रात मां के साथ पलंग पर सो रहे सगे भाई-बहन को जहरीले सांप ने डस लिया। 8 साल की काव्या को अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं 5 वर्षीय आयुष को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र लोधी की पत्नी बबीता देवी अपने तीन बच्चों के साथ घर में पलंग पर सो रही थीं। रात करीब 3 बजे एक काला सांप कमरे में घुस आया। उसने पहले 8 वर्षीय काव्या की उंगली पर डस लिया और फिर 5 वर्षीय आयुष को भी काट लिया। बड़े ने भाई ने सांप को देखा
दोनों बच्चों के रोने पर पास में सो रहा 15 वर्षीय बड़ा भाई जाग गया। उसने कमरे की लाइट जलाई तो पलंग के पास काला सांप दिखाई दिया। परिजन दोनों बच्चों को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काव्या की मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं आयुष की गंभीर हालत को देखते हुए उसे ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों बच्चों के शव भिंड लाए गए। एक ही घर से दो मासूमों की अर्थी उठने से पूरे पुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों की आंखें नम हैं और गांव में सांप को लेकर दहशत का माहौल है। बताया गया है कि बच्चों के पिता धर्मेंद्र लोधी निजी काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। घर पर मां और तीनों बच्चे परिवार के साथ रह रहे थे। एक ही रात में दो बच्चों की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।