Tuesday, 14 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

पॉलिटिकल कंसल्टेंसी का काम छोड़ने के बाद भी बढ़ी प्रशांत किशोर की दौलत, हलफनामे में बताया कमाई का पूरा जरिया

INT News14 July 2026 at 03:48 pm

Prashant Kishor Net Worth: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को नामांकन दाखिल कर दिया है. नामांकन के दौरान जमा किए गए शपथपत्र में उनकी संपत्ति और आय से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं.

हलफनामे के मुताबिक, प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी जाह्नवी दास की कुल संपत्ति करीब 198 करोड़ रुपये है. इसमें प्रशांत किशोर के पास 96 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है, जबकि उनकी पत्नी के नाम करीब 112 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज है.

प्रशांत किशोर ने बताया समाजसेवी और राजनीतिक सलाहकार

शपथपत्र में प्रशांत किशोर ने अपने पेशे को समाजसेवी और राजनीतिक सलाहकार (Political Consultant) बताया है. वहीं उनकी पत्नी जाह्नवी दास पेशे से डॉक्टर हैं. हलफनामे के अनुसार, दोनों की आय का मुख्य स्रोत व्यवसाय और पेशेवर गतिविधियां हैं. इसके अलावा बैंक जमा राशि, निवेश और ब्याज से भी उनकी कमाई होती है.

प्रशांत किशोर की पत्नी को डॉक्टर के रूप में मिलने वाली आय के साथ-साथ किराये और बैंक ब्याज से भी आमदनी होती है.

2021 में छोड़ा था पॉलिटिकल कंसल्टेंसी का काम

प्रशांत किशोर की पहचान लंबे समय तक चुनावी रणनीतिकार के तौर पर रही है. वह कई राजनीतिक दलों के लिए चुनावी रणनीति बना चुके हैं.

2 मई 2021 को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद उन्होंने पॉलिटिकल कंसल्टेंसी का काम छोड़ने का ऐलान किया था. इसके बाद वह बिहार लौट आए और 2 अक्टूबर 2022 को जन सुराज अभियान की शुरुआत की.

उन्होंने साफ कहा था कि अब वह किसी राजनीतिक दल के लिए चुनावी रणनीति नहीं बनाएंगे और बिहार में रहकर काम करेंगे.

कुछ सालों में तेजी से बढ़ी प्रशांत किशोर की आय

हलफनामे के मुताबिक, साल 2020-21 में प्रशांत किशोर की सालाना आय 8 लाख 66 हजार रुपये थी. उस समय वह पश्चिम बंगाल चुनाव में ममता बनर्जी के लिए रणनीति बना रहे थे. इसके बाद उनकी आय में लगातार बढ़ोतरी हुई.

2021-22 में आय: करीब 60 लाख रुपये

2022-23 में आय: करीब 44.49 लाख रुपये

2023-24 में आय: करीब 9.39 करोड़ रुपये

यानी कुछ ही वर्षों में उनकी कमाई में बड़ा उछाल देखने को मिला.

2024-25 में जन सुराज पार्टी को दिया करोड़ों का चंदा

हलफनामे के अनुसार, साल 2023-24 में प्रशांत किशोर की आय 9 करोड़ 39 लाख रुपये से ज्यादा रही. इसमें से उन्होंने 50 लाख रुपये जॉय ऑफ गिविंग फाउंडेशन को दान किए.

इसके बाद साल 2024-25 में उन्होंने जन सुराज पार्टी को 10 करोड़ 58 लाख रुपये से ज्यादा का चंदा दिया.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

पत्नी जाह्नवी दास की आय में भी बढ़ोतरी

प्रशांत किशोर की पत्नी जाह्नवी दास की आय में भी पिछले कुछ वर्षों में बड़ा इजाफा हुआ है. हलफनामे के अनुसार, 2020-21 में उनकी सालाना आय करीब 6.14 लाख रुपये थी, जो 2024-25 में बढ़कर करीब 40.23 लाख रुपये हो गई.

5 साल में आय में 122 गुना बढ़ोतरी

हलफनामे के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2021 के मुकाबले 2025 तक प्रशांत किशोर की सालाना आय में करीब 122 गुना की बढ़ोतरी हुई है. बांकीपुर उपचुनाव के बीच सामने आए इस संपत्ति और आय के ब्यौरे ने राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज कर दी है.

Also Read: बिहार में नए राशन कार्ड के लिए घर बैठे ऐसे भरें फॉर्म, पोर्टल फिर खुला, जानें आवेदन का आसान तरीका