Sunday, 6 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

दमोह में अवैध शराब पकड़ने गए SI से गाली-गलौज:ढाबा संचालक का VIDEO आया सामने, पथरिया थाने में केस दर्ज

INT News6 September 2026 at 06:39 pm

दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सदगुआ स्थित कक्कू ढाबा पर पुलिस अधिकारी से अभद्रता और गाली-गलौज का एक वीडियो रविवार शाम सोशल मीडिया पर पोस्ट हो गया। वीडियो में ढाबा संचालक पुलिस सब-इंस्पेक्टर (एसआई) संजू सैयाम के साथ बदसलूकी करता नजर आ रहा है। यह मामला करीब 5 दिन पुराना बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, सदगुआ स्थित कक्कू ढाबा पर अवैध शराब बेची जाने की खबर मिलने पर एसआई संजू सैयाम एक आरक्षक के साथ कार्रवाई करने पहुंचे थे। इस दौरान ढाबा संचालक हरिगोविंद पटेल ने उनके साथ अभद्रता की। वीडियो में संचालक एसआई पर ही शराब के नशे में होने का आरोप लगा रहा है, वहीं एसआई बिना लाइसेंस अवैध शराब बेचने का विरोध करते नजर आ रहे हैं। आबकारी एक्ट और धारा 151 में केस एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदौरिया ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद आरोपी ढाबा संचालक हरिगोविंद पटेल के खिलाफ आबकारी एक्ट और धारा 151 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। हालांकि एसआई की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस टीम से विवाद और अभद्रता के इस मामले की जांच एसडीओपी पथरिया को सौंप दी गई है।