Sunday, 6 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

संत कमलकिशोर नागर को मिला धमकी भरा पत्र:झाबुआ में अनुयायियों ने एसपी के नाम दिया ज्ञापन, कार्रवाई की मांग की

INT News6 September 2026 at 07:52 pm

संत कमलकिशोरजी नागर को धमकी भरा पत्र मिलने के बाद उनके अनुयायियों और गौशाला परिवार से जुड़े लोगों में आक्रोश है। रविवार को बड़ी संख्या में गौशाला परिवार के लोग अध्यक्ष कमरू भाई अजनार के नेतृत्व में झाबुआ एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसपी के नाम एडिशनल एसपी प्रतिपालसिंह महोबिया को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की। यह धमकी भरा पत्र 04 सितंबर 2026 को झाबुआ के भूराडाबरा स्थित श्री गुरु कृपा शबरी गौशाला में मिला था। उस दिन श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव पर रात में भव्य सत्संग कार्यक्रम हुआ था। श्रद्धालुओं ने गुरुदेव को सामग्री, शाॅल और श्रीफल दिए थे। इन्हीं के बीच यह पत्र मिला। पत्र की भाषा और विषयवस्तु गंभीर और सुरक्षा के लिहाज से चिंताजनक है। संत कमलकिशोरजी नागर धर्मांतरण और गौ-तस्करी जैसी गतिविधियों के खिलाफ लोगों को जागरूक करने और गौ-संरक्षण के काम में लगातार सक्रिय रहे हैं। इसी वजह से इस इलाके में हर साल बड़े धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं। आशंका है कि असामाजिक तत्वों ने इसी कारण यह हरकत की है। ज्ञापन में मांग की गई है कि पत्र को गंभीरता से लिया जाए। इसकी गंभीर और निष्पक्ष जांच करवाकर पत्र भेजने या रखने वाले अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान की जाए। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस दौरान श्री गुरु कृपा शबरी गौशाला भूराडाबरा के अध्यक्ष कमरू भाई अजनार के साथ सुखराम कातिजा, कालू वास्केल, शंकर सिंह निनामा, कैलाश भाभर, माना भाई भूरिया सहित गौशाला से जुड़े कई लोग मौजूद थे।