समाचार · हरियाणा
सोनीपत में रिटायर्ड DFO की पत्थर मारकर हत्या:सड़क पर साइड़ को लेकर कहासुनी पर वारदात; मौके पर पब्लिक ने पकड़ पुलिस को सौंपा
सोनीपत के गन्नौर के अगवानपुर रोड पर रविवार शाम 60 वर्षीय सेवानिवृत्त जिला वन अधिकारी (डीएफओ) की सिर में पत्थर मारकर हत्या कर दी गई। डीएफओ किसी काम से गन्नौर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक व्यक्ति से किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपित ने कथित तौर पर पत्थर से उनके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से बुर्जुग डीएफओ की मौत हो गई। वारदात के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने कथित आरोपित को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही थाना गन्नौर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और नमूने एकत्रित किए। हत्या की वजह और विवाद के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
रास्ते में विवाद के बाद पत्थर से किया हमला गन्नौर थाना प्रभारी बीरसिंह के अनुसार जयपाल राठी किसी काम से गन्नौर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान अगवानपुर रोड पर जयपाल की एक राहगीर रवि से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और रवि ने पत्थर उठाकर जयपाल राठी के सिर पर वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद वह सड़क पर गिर गए। राहगीरों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो गई। राहगीरों ने आरोपित को मौके पर ही पकड़ा वारदात के बाद आरोपित रवि मौके से भागने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान वहां मौजूद राहगीरों ने उसे पकड़ लिया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और आरोपित को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक और आरोपित के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था। एफएसएल टीम ने जुटाए घटनास्थल से साक्ष्य हत्या की सूचना मिलते ही थाना गन्नौर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार घटनास्थल से जरूरी नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस वारदात में इस्तेमाल किए गए पत्थर समेत अन्य साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बना रही है।
दो साल पहले डीएफओ पद से हुए थे सेवानिवृत्त मृतक जयपाल राठी गांव भोगीपुर के रहने वाले थे और करीब दो वर्ष पहले जिला वन अधिकारी (डीएफओ) के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद वह गन्नौर-पांची रोड पर राठी फार्म हाउस, गार्डन एवं नर्सरी का संचालन कर रहे थे। क्षेत्र में उनकी पहचान सामाजिक रूप से सक्रिय व्यक्ति के तौर पर भी बताई जा रही है। उनकी अचानक हत्या की सूचना मिलने के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। बेटे की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज मृतक के बेटे मंजीत की शिकायत के आधार पर थाना गन्नौर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।