समाचार · मध्य प्रदेश
राजसी सवारी का आकाशवाणी पर 8 घंटे लाइव प्रसारण:कंठाल-सतीगेट मार्ग सजा, महापौर ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया
उज्जैन में भगवान श्री महाकालेश्वर की राजसी सवारी सोमवार को नगर भ्रमण पर निकलेगी। इसे लेकर नगर निगम और प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार को महापौर मुकेश टटवाल ने अधिकारियों के साथ सवारी मार्ग का जायजा लिया। इस बार राजसी सवारी का आकाशवाणी उज्जैन से लगातार 8 घंटे तक सजीव प्रसारण किया जाएगा। नगर निगम ने कंठाल से सतीगेट होते हुए छत्रीचौक तक करीब 450 मीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण और विकास कार्य किया है। कंठाल चौराहा और सतीगेट इलाके का सौंदर्यीकरण भी किया गया है। कंठाल चौराहे पर पेवर ब्लॉक लगाए गए हैं, जबकि सतीगेट के करीब 50 मीटर इलाके में कोबल स्टोन बिछाए गए हैं। सतीगेट को आकर्षक हेरिटेज लुक दिया गया है। महापौर ने नए तैयार मार्ग की तारीफ की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सवारी के दौरान श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। उन्होंने सवारी मार्ग से अतिक्रमण हटाने, जरूरत के हिसाब से रोड पैचवर्क, लाइट और खास सफाई व्यवस्था समय पर पूरी करने को कहा। साथ ही अधिकारियों को सवारी के दौरान मौके पर रहकर लगातार निगरानी करने के निर्देश भी दिए। आकाशवाणी उज्जैन सोमवार 7 सितंबर को दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक लगातार 8 घंटे राजसी सवारी का खास सजीव प्रसारण करेगा। यह प्रसारण मध्यप्रदेश के सभी आकाशवाणी केंद्रों से एक साथ होगा। कार्यक्रम अधिकारी ब्रह्मप्रकाश चतुर्वेदी ने बताया कि गैर-खेल गतिविधियों में इतनी लंबी अवधि का लगातार लाइव रेडियो प्रसारण एक अनोखी पहल है। प्रसारण के दौरान सवारी मार्ग, खास पड़ावों, धार्मिक अनुष्ठानों और परंपराओं का आंखों देखा हाल बताया जाएगा। कार्यक्रम प्रमुख अनामिका चक्रवर्ती ने बताया कि इस खास कवरेज को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने के लिए नामांकित किया गया है। श्रद्धालु एफएम 102.5 मेगाहर्ट्ज और News on AIR मोबाइल ऐप से राजसी सवारी का सजीव प्रसारण सुन सकेंगे।