Sunday, 6 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

'पद्मावत' पर बयान, स्वरा भास्कर पर FIR की मांग:खरगोन में करणी सेना का प्रदर्शन; दावा- एक्ट्रेस ने जौहर करने वाली महिलाओं को कायर कहा

INT News6 September 2026 at 07:49 pm

खरगोन में रविवार को करणी सेना परिवार और राजपूत समाज के कार्यकर्ता स्वरा भास्कर और दामोदर यादव के कथित बयानों के विरोध में कोतवाली थाने पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने दोनों के बयानों को आपत्तिजनक बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। करणी सेना परिवार के पदाधिकारियों का आरोप है कि इन बयानों से राजपूत समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसी समाज, महापुरुष या धार्मिक आस्था के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी। दरअसल, स्वरा भास्कर 2018 की फिल्म 'पद्मावत' के जौहर सीन पर एक विवादित बयान दिया था। स्वरा ने कहा था- मैं जौहर सीन को देख रही थी। मैंने सोचा कि अगर भगवान न करे, मैं रेप सर्वाइवर होती, तो यह फिल्म मुझे क्या बता रही है? मुझे कायर महसूस होता कि मैंने अपनी इज्जत बचाने के लिए आत्महत्या नहीं की। विवाद के बाद स्वरा ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि उन्होंने रानी पद्मावती को कायर नहीं कहा। उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। करणी सेना ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की। नगर करणी सेना अध्यक्ष शिवम राजपूत ने आरोप लगाया कि स्वरा भास्कर ने माता पद्मावती को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। संगठन ने इस संबंध में कोतवाली थाने में शिकायत दी है। दामोदर यादव पर भी टिप्पणी का आरोप करणी सेना पदाधिकारियों ने दामोदर यादव पर संगठन को लेकर विवादित टिप्पणियां करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि इससे सामाजिक भावनाएं आहत हो रही हैं। करणी सेना ने दामोदर यादव के खरगोन आने का विरोध करने की चेतावनी दी है। इस दौरान जिला महामंत्री राजेंद्र सिंह, नगर अध्यक्ष शिवम राजपूत समेत संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। करणी सेना ने प्रशासन से दोनों मामलों की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अब जानिए क्या है पद्मावत का जौहर सीन… फिल्म में जौहर का सीन क्लाइमैक्स के पास आता है। अलाउद्दीन खिलजी की सेना राजपूतों को हरा देती है और चित्तौड़ के किले में घुस जाती है। दीपिका पादुकोण का किरदार 'रानी पद्मावती' किले की महिलाओं के साथ जौहर करती हैं।फिल्म में इसे पकड़े जाने से बचने के लिए खुद को आग के हवाले करने की घटना के तौर पर दिखाया गया है।