समाचार · मध्य प्रदेश
सिंहस्थ 2028: रेलवे चलाएगा 100 से 125 स्पेशल ट्रेनें:उज्जैन स्टेशन पर 20 हजार वर्गमीटर का होल्डिंग एरिया भी बनेगा, चेयरमैन ने की समीक्षा
उज्जैन में सिंहस्थ 2028 के लिए रेलवे ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। देशभर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेलवे 100 से 125 स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी में है। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार ने रविवार शाम उज्जैन पहुंचकर इन तैयारियों और विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और भीड़ को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त ट्रेनें चलाई जाएंगी। साथ ही, यह भी कोशिश की जाएगी कि श्रद्धालुओं पर किराए का अतिरिक्त बोझ न पड़े। चेयरमैन सतीश कुमार ने उज्जैन स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 से मीडिया से बात की। उन्होंने बताया कि सिंहस्थ को देखते हुए उज्जैन मंडल के मुख्य स्टेशनों पर काम तेजी से चल रहा है। जून 2025 के निरीक्षण के बाद यार्ड रीमॉडलिंग का काम तय समय पर पूरा हो गया है। अब सभी प्लेटफॉर्म पर 24 कोच की लंबी ट्रेनें किसी भी दिशा से आ-जा सकेंगी। 15 से 20 हजार वर्गमीटर का होल्डिंग एरिया तैयार स्टेशन पर 6 मीटर और 12 मीटर चौड़े दो फुट ओवरब्रिज (FOB) बनाए जा रहे हैं। दूसरी एंट्री पर करीब 15 से 20 हजार वर्गमीटर का होल्डिंग एरिया तैयार किया जा रहा है। स्टेशन भवन और बाकी जरूरी सुविधाओं का निर्माण भी जारी है। विक्रम नगर समेत अन्य स्टेशनों के फुट ओवरब्रिज और विकास कार्य अगले 9 से 10 महीनों में पूरे करने का लक्ष्य है। सुरक्षा व्यवस्था को भी आधुनिक बनाया जा रहा है। स्टेशनों पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित निगरानी और बड़े पैमाने पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। स्पेशल ट्रेनों को चलाने के लिए स्टेबलिंग लाइन, रखरखाव और पानी जैसी सुविधाएं भी तैयार की जा रही हैं। रेलवे स्थानीय प्रशासन और कलेक्टर के साथ मिलकर तैयारियों को आगे बढ़ा रहा है। इस बीच, रेल वन ऐप को करीब दो करोड़ लोग डाउनलोड कर चुके हैं। आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट और बीटा वर्जन में टिकट बुकिंग को आसान बनाया गया है। बुकिंग के चरण 14 से घटाकर करीब 7 कर दिए गए हैं।