समाचार · छत्तीसगढ़
रायपुर में डकैती की योजना बना रहे 5 आरोपी गिरफ्तार...VIDEO:कचना इलाके की ज्वेलर्स शॉप में थी वारदात की तैयारी, हथियार-गाड़ियां जब्त
राजधानी रायपुर में ज्वेलर्स शॉप को निशाना बनाने से पहले ही पुलिस ने डकैती की योजना को नाकाम कर दिया। खम्हारडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों का नाम खम्हारडीह निवासी महेश धीवर, नितिन उर्फ सोनू बैस, खेमलाल सेन, लक्ष्मण साहू और पियुष कुमार साहू बताया जा रहा है। आरोपी कचना इलाके के आसपास किसी ज्वेलर्स शॉप में डकैती की तैयारी कर रहे थे। इनके कब्जे से धारदार हथियार, 4 मोबाइल फोन और 2 वाहन बरामद किए गए हैं। अब पढ़े क्या है पूरा मामला पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर को सूचना मिली थी कि खम्हारडीह इलाके के एक खेल मैदान में कुछ युवक दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ बैठे हैं। उनके पास धारदार हथियार हैं और वे लूट या डकैती की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही मैदान में बैठे युवक भागने लगे। टीम ने घेराबंदी कर 5 युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में डकैती की योजना कबूली पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में डकैती की योजना बनाने की बात कबूली है। पुलिस ने आरोपियों और उनके वाहनों की तलाशी ली। इस दौरान 2 बटनदार धारदार चाकू, एक बड़ा स्टील चाकू, 2 कैंची और एक स्टील पाइप मिला। इसके अलावा 4 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस ने होंडा बाइक CG 04 QT 4258 और टाटा एस डीआई वाहन CG 04 JD 9030 भी कब्जे में लिया है। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कचना क्षेत्र के आसपास स्थित ज्वेलर्स शॉप में डकैती करने की योजना बनाना स्वीकार किया। पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर खम्हारडीह थाने में अपराध क्रमांक 348/26 के तहत धारा 310(4) बीएनएस और 25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया है। दो आरोपी पहले भी जा चुके जेल पुलिस के अनुसार, आरोपी लक्ष्मण साहू पहले आबकारी एक्ट और मारपीट के मामलों में जेल जा चुका है।
वहीं खेमलाल सेन भी मारपीट के मामले में जेल में रह चुका है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और डकैती की योजना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है।