समाचार · मध्य प्रदेश
मंदसौर में डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत:पत्नी की हालत गंभीर; कथा सुनने जा रहा था दंपती
मंदसौर के पिपलियामंडी थाना क्षेत्र में रविवार को डंपर की टक्कर से बाइक सवार जगदीश धानक की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद ग्रामीणों ने नाराजगी जताई और शव रखकर धरना-प्रदर्शन व चक्काजाम करने की कोशिश की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों से बात कर उन्हें समझाया। इसके बाद चक्काजाम की कोशिश टल गई। कथा सुनने जा रहा था दंपती
प्रतापगढ़, राजस्थान के पीलू गांव निवासी जगदीश धानक अपनी पत्नी के साथ बाइक से उमरिया गांव में कथा सुनने जा रहे थे। इसी दौरान उमरिया गांव में उनकी बाइक की डंपर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि जगदीश की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी को गंभीर चोटें आईं। घायल महिला को पिपलियामंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उदयपुर रेफर कर दिया। महिला का उदयपुर में इलाज चल रहा है। शव रखकर चक्काजाम की थी तैयारी
हादसे की खबर मिलने के बाद पीलू और उमरिया गांव के ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। पीलू गांव के सरपंच प्रतिनिधि राजकुमार मीणा ने बताया कि ग्रामीण पिपलियामंडी चौपाटी पर शव रखकर धरना देने और चक्काजाम करने की बात कह रहे थे। चक्काजाम की जानकारी मिलने पर पिपलियामंडी थाना प्रभारी ने परिजनों से बात की और उन्हें समझाया। इसके बाद परिजन शांत हो गए और चक्काजाम की कोशिश टल गई। डंपर चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए पिपलियामंडी अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। फरार डंपर और उसके चालक की तलाश की जा रही है।