national
सोनिया गांधी की किताब पर BJP का हमला, सुधांशु त्रिवेदी बोले- PM पद छोड़कर बन गईं सुपर पीएम

Sonia Gandhi Memoir: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' को लेकर सियासी घमासान जारी है. बीजेपी ने बुधवार (11 नवंबर) को किताब में किए गए खुलासों पर कई सवाल उठाए. पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने साल 2004 में सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री पद ठुकराने के फैसले पर तंज कसा. उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया ने प्रधानमंत्री पद तो छोड़ दिया, लेकिन पर्दे के पीछे से 'सुपर पीएम' की भूमिका निभाई. त्रिवेदी ने आपातकाल को लेकर सोनिया के दावों पर भी सवाल उठाए.
'क्या गजब का महात्याग, PM पद छोड़कर सुपर पीएम बन गईं'
बीजेपी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सुधांशु त्रिवेदी ने सोनिया गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा- क्या गजब का महात्याग था कि प्रधानमंत्री का पद छोड़कर वह 'सुपर पीएम' बन गईं. त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री बनने से इनकार जरूर किया, लेकिन यूपीए सरकार में उनका राजनीतिक प्रभाव बना रहा. उन्होंने राष्ट्रीय सलाहकार परिषद (NAC) का अध्यक्ष पद भी स्वीकार किया. बीजेपी प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री पद ठुकराने के बाद कैबिनेट मंत्री का दर्जा स्वीकार करना किस तरह का त्याग था?
PM बनने को लेकर सोनिया गांधी ने किताब में क्या लिखा?
सोनिया गांधी की किताब मंगलवार (10 नवंबर) को बाजार में आई. इसमें उन्होंने साल 2004 के लोकसभा चुनाव के बाद की घटनाओं का जिक्र किया है. सोनिया ने लिखा कि शुरुआत में वह प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करना चाहती थीं. लेकिन गठबंधन सहयोगी लगातार उनसे सरकार का नेतृत्व करने का आग्रह कर रहे थे.
सोनिया ने लिखा कि सहयोगियों के जोर देने पर एक समय उन्होंने धीमी आवाज में 'ठीक है' भी कहा था. हालांकि, बाद में उन्होंने अपना फैसला बदल दिया और प्रधानमंत्री बनने से इनकार कर दिया. इसके बाद मनमोहन सिंह देश के प्रधानमंत्री बने.
राष्ट्रीय सलाहकार परिषद को लेकर भी घेरा
सुधांशु त्रिवेदी ने राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के अध्यक्ष पद से जुड़े विवाद का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा- दुनिया में आपको त्याग का ऐसा उदाहरण कहीं नहीं मिलेगा, जहां प्रधानमंत्री पद छोड़कर कैबिनेट मंत्री का दर्जा स्वीकार किया गया हो. बीजेपी प्रवक्ता ने दावा किया कि लाभ के पद को लेकर विवाद बढ़ने के बाद सोनिया गांधी को इस्तीफा देना पड़ा था.
त्रिवेदी ने कहा कि इसके बाद मनमोहन सिंह सरकार ने नियमों में बदलाव किया. राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के अध्यक्ष पद को लाभ के पद के दायरे से बाहर कर दिया गया. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सोनिया गांधी सत्ता से दूर रहना चाहती थीं, तो उन्होंने कैबिनेट स्तर का पद क्यों स्वीकार किया?
इमरजेंसी पर राजीव गांधी के रुख को लेकर सवाल
बीजेपी ने सोनिया गांधी की किताब में आपातकाल से जुड़े दावों पर भी आपत्ति जताई. सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में लिखा है कि उनके पति राजीव गांधी साल 1975 में लगाए गए आपातकाल के पक्ष में नहीं थे. उन्होंने उस दौर में संजय गांधी की भूमिका का भी जिक्र किया है.
सुधांशु त्रिवेदी ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि राजीव गांधी ने अलग-अलग मौकों पर आपातकाल का समर्थन किया था. त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी अपनी किताब में आपातकाल की जिम्मेदारी संजय गांधी पर डालने की कोशिश कर रही हैं.
Also Read: राहुल गांधी से पहले भी एक बेटे की मां बनी थीं सोनिया, जन्म के अगले दिन मौत, किताब में सुनाईं दर्दनाक कहानी