समाचार · छत्तीसगढ़
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के कुछ-घंटे बाद मिला शव:कमल विहार में युवक की गला दबाकर हत्या की आशंका
रायपुर के कमल विहार (कौशल्या माता विहार) में बुधवार को एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान निरंजन पाल के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हैरानी की बात है कि शव मिलने से कुछ घंटे पहले ही परिजनों ने तेलीबांधा थाने में युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश कर ही रही थी, तभी सेक्टर-13 में शव मिलने की सूचना मिली। गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद तलाश में जुटी थी पुलिस जानकारी के मुताबिक, निरंजन पाल के लापता होने पर परिजन बुधवार को तेलीबांधा थाने पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस को गुमशुदगी की शिकायत दी थी। इसके बाद पुलिस युवक की तलाश कर रही थी। इसी दौरान कमल विहार के सेक्टर-13 में उसका शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। FSL टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस हत्या की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। युवक की हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की, इसका पता लगाने के लिए परिजनों से पूछताछ की जा रही है। मामले में फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। हत्या की वजह भी स्पष्ट नहीं हो सकी है।