Wednesday, 11 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

273 साल की परंपरा, शाजापुर में गिरेगा कंस का पुतला:उज्जैन से पहुंचा कंस का पुतला, देव-दानव के वाकयुद्ध के बाद श्रीकृष्ण करेंगे प्रतीकात्मक वध

INT News11 November 2026 at 07:50 pm

शाजापुर में 19 नवंबर को कंस वधोत्सव मनाया जाएगा। 273 साल पुरानी इस परंपरा के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। उज्जैन में तैयार किया गया कंस का पुतला शाजापुर पहुंच गया है। सोमवारिया बाजार स्थित कंस चौराहे पर मंच बनाकर पुतले को स्थापित किया गया है। कंस वधोत्सव समिति के संयोजक तुलसीराम भावसार ने बताया कि शाजापुर में 273 साल से कंस वधोत्सव मनाया जा रहा है। इस साल भी उज्जैन के कलाकार ने कंस का पुतला तैयार किया है। निर्माण पूरा होने के बाद इसे शाजापुर लाया गया। श्री बालवीर हनुमान मंदिर से निकलेगा चल समारोह कंस दशमी पर 19 नवंबर की रात 8:30 बजे श्री बालवीर हनुमान मंदिर परिसर से चल समारोह निकलेगा। यह नगर के प्रमुख रास्तों से होते हुए रात करीब 11 बजे कंस चौराहे पर पहुंचेगा। कंस चौराहे पर देव और दानव का रूप धारण किए कलाकारों के बीच परंपरागत वाकयुद्ध होगा। इसके बाद रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का रूप धारण किए कलाकार कंस का प्रतीकात्मक वध करेंगे। वध के बाद कंस के पुतले को मंच से नीचे गिराया जाएगा। गवली समाज के युवा परंपरा के अनुसार पुतले को लाठियों से पीटते हुए आगे ले जाएंगे। आयोजन देखने के लिए हर साल नगर और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।