Wednesday, 11 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

ढिल्लों-तरखाण माजरा विवाद में चन्नी की एंट्री:रोपड़ में बोले-2 थप्पड़ या मुक्के मार देने चाहिए थे, आमने-सामने बैठाकर सुलझाएं मामला

INT News11 November 2026 at 07:41 pm

चंडीगढ़ के कांग्रेस भवन में ब्रिंदर सिंह ढिल्लों और रणजीत सिंह तरखाण माजरा के बीच हुए विवाद पर जालंधर से कांग्रेस सांसद और पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने बयान दिया। उन्होंने इसे 2 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच की लड़ाई बताया। चन्नी ने कहा कि दूसरी पार्टियां इसे राजनीतिक मुद्दा बना रही हैं और इस मामले से कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं है। चन्नी ने कहा कि एक पक्ष ने दूसरे पर जातिसूचक शब्द कहने का आरोप लगाया है। ढिल्लों श्री चमकौर साहिब के गुरुद्वारा श्री कतलगढ़ साहिब पहुंचे और गुरु साहिब के सामने अरदास की। उन्होंने कहा कि अगर उन्होंने जातिसूचक शब्द कहे हैं तो उनका कुछ न बचे। चन्नी ने ढिल्लों की अरदास और आरोपों से इनकार का भी जिक्र किया। 'उन्हें भी 2 थप्पड़ या दो मुक्के मार देने चाहिए थे' मारपीट का जिक्र करते हुए चन्नी ने कहा कि झगड़े के समय ढिल्लों अकेले थे। दूसरी तरफ मौजूद लोगों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि वे इतने कमजोर नहीं थे कि रोते रहते। उन्हें भी 2 थप्पड़ या दो मुक्के मार देने चाहिए थे। चन्नी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से अपील की कि ब्रिंदर सिंह ढिल्लों और रणजीत सिंह तरखाण माजरा को बुलाकर आमने-सामने बैठाया जाए। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की बात सुनकर बातचीत से विवाद सुलझाया जाए और सच्चाई सामने लाई जाए। एससी समाज के प्रतिनिधियों ने की बैठक वहीं इस विवाद को लेकर रोपड़ में एससी समाज के प्रतिनिधियों ने बैठक की। बुधवार को हुई इस बैठक में ढिल्लों के खिलाफ आगे की रणनीति बनाने के लिए कमेटी गठित की गई। बैठक में राजिंदर कुमार बिंदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस भवन में ढिल्लों ने रंजीत सिंह तरखाण माजरा से दुर्व्यवहार किया और जातिसूचक टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा कि घटना का वीडियो सामने आने के बाद समाज के लोगों में नाराजगी है। बिंदी ने नूरपुर बेदी इलाके में हुई एक अन्य बैठक में भी समाज के लोगों से दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बैठक में शहर और गांवों से समाज के कई प्रतिनिधि पहुंचे थे। आगे के विरोध की रूपरेखा तय करेगी कमेटी बिंदी के मुताबिक, सर्वसम्मति से बनी कमेटी आगे के विरोध की रूपरेखा तय करेगी। उन्होंने कहा कि अगर ढिल्लों रोपड़ में किसी कार्यक्रम या बैठक में शामिल होने पहुंचते हैं, तो एससी समाज उन्हें काले झंडे दिखाकर विरोध करेगा। इस मौके पर अजय भट्टी ने कमेटी को सहयोग देने की बात कही। उन्होंने कहा कि समाज के फैसले के मुताबिक, रोपड़ में ढिल्लों की बैठकों और कार्यक्रमों का विरोध किया जाएगा।