Wednesday, 11 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

Sandpaper Scandal: वॉर्नर ने पूर्व कोच लेहमैन पर साधा निशाना, बोले- ब्रॉड के पिता की बात से पूरी तरह सहमत

INT News11 November 2026 at 07:52 pm

Sandpaper Scandal: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने 2018 के चर्चित बॉल टेंपरिंग विवाद को लेकर अपने पूर्व कोच डैरेन लेहमैन पर निशाना साधा है. वॉर्नर ने इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के पिता क्रिस ब्रॉड की बातों का समर्थन करते हुए लेहमैन के रवैये पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने माना कि दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गेंद से छेड़छाड़ की योजना के बारे में पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को जानकारी थी.

दरअसल, यह विवाद उस समय फिर चर्चा में आया, जब ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'Sabr' से जुड़े खुलासे सामने आए. इसमें 2017-18 की एशेज सीरीज के दौरान भी ऑस्ट्रेलियाई टीम द्वारा गेंद से छेड़छाड़ किए जाने की बात कही गई है. यह सीरीज दक्षिण अफ्रीका के विवादित दौरे से पहले खेली गई थी.

क्रिस ब्रॉड ने लेहमैन पर उठाए सवाल

स्टुअर्ट ब्रॉड के पिता और पूर्व क्रिकेटर क्रिस ब्रॉड ने डैरेन लेहमैन के दोहरे रवैये पर नाराजगी जाहिर की है. उनका कहना है कि अगर लेहमैन को 2018 में गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी थी, तो उन्हें भी इसके लिए जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए था. वहीं, अगर उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी, तो बतौर कोच उनकी भूमिका पर सवाल उठते हैं.

क्रिस ब्रॉड ने कहा कि लेहमैन इस विवाद के बाद कुछ महीनों में अपने पद से हट गए, लेकिन उन्हें कोई सजा नहीं मिली. उन्होंने 2013 की एक घटना का भी जिक्र किया, जब लेहमैन ने स्टुअर्ट ब्रॉड के खेल भावना से जुड़े रवैये की आलोचना की थी. उस समय ब्रॉड ने गेंद को छुए बिना विकेट के पीछे कैच आउट होने के बावजूद अंपायर के फैसले का इंतजार किया था.

ये भी पढ़ें: BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास पर FIR की नौबत क्यों आई? जन्मतिथि विवाद में कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला

डेविड वॉर्नर ने किया क्रिस ब्रॉड की बातों का समर्थन

क्रिस ब्रॉड की टिप्पणी पर डेविड वॉर्नर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा, 'मैं इससे पूरी तरह सहमत हूं और यह बात कहना मेरे लिए आसान नहीं है.'

वॉर्नर की यह प्रतिक्रिया इसलिए अहम मानी जा रही है, क्योंकि वह खुद 2018 के बॉल टेंपरिंग विवाद में शामिल थे. इससे पहले भी उन्होंने उस्मान ख्वाजा की किताब में किए गए खुलासों का समर्थन किया था. पूरी टीम को गेंद से छेड़छाड़ की योजना की जानकारी होने के दावे को भी उन्होंने 100 प्रतिशत सही बताया था.

क्या था 2018 का सैंडपेपर विवाद?

मार्च 2018 में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर केपटाउन टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कैमरन बैनक्रॉफ्ट गेंद पर सैंडपेपर रगड़ते हुए कैमरे में कैद हुए थे. इस घटना के बाद क्रिकेट जगत में बड़ा विवाद खड़ा हो गया था. जांच के बाद स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट पर प्रतिबंध लगाए गए थे.

इस विवाद ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की छवि को गहरा नुकसान पहुंचाया था. अब उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा में सामने आए नए दावों और वॉर्नर की प्रतिक्रिया ने एक बार फिर पुराने विवाद को चर्चा में ला दिया है.

ये भी पढ़ें: Photos: घुटनों पर बैठे अर्शदीप, समरीन की उंगली में पहनाई अंगूठी, फिल्मी अंदाज में किया प्रपोज