Wednesday, 11 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

जाखल में फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का खुलासा:₹12-12 हजार लिए, रिकॉर्ड में कोई ब्योरा नहीं; सीएम फ्लाइंग टीम की शिकायत पर FIR

INT News11 November 2026 at 07:49 pm

फतेहाबाद के जाखल क्षेत्र में रुपए लेकर फर्जी हेवी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने का मामला सामने आया है। गांव सिधानी निवासी एक व्यक्ति पर तीन लोगों से 12-12 हजार रुपए लेकर उन्हें फर्जी हेवी ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध करवाने का आरोप है। हैरानी की बात यह है कि इन लाइसेंसों पर आरटीए फतेहाबाद का नाम अंकित होने के साथ स्कैनर और पीछे चिप भी लगी हुई थी। हालांकि, सरकारी रिकॉर्ड में इन लाइसेंसों का कोई अस्तित्व नहीं मिला। सीएम फ्लाइंग टीम हिसार की शिकायत पर जाखल थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीन लोगों से 12-12 हजार रुपए लेने का आरोप पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सीएम फ्लाइंग हिसार में तैनात एसआई जितेंद्र सिंह ने शिकायत में आरोप लगाया है कि गांव सिधानी निवासी रमेश कुमार उर्फ मेशा ने तीन व्यक्तियों से 12-12 हजार रुपए लिए थे। इसके बदले उसने तीनों को हेवी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाकर दिए थे। इन लाइसेंसों पर आरटीए फतेहाबाद का नाम दर्ज था। देखने में ये लाइसेंस असली प्रतीत होते थे। इन पर स्कैनर और पीछे चिप भी लगी हुई थी, जिससे पहली नजर में इनके फर्जी होने का संदेह नहीं होता था। वाहन पोर्टल सारथी पर जांच में खुलासा मामले की जांच के दौरान जिला परिवहन अधिकारी-कम-सचिव, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण फतेहाबाद के कार्यालय से रिकॉर्ड प्राप्त किया गया। वाहन पोर्टल सारथी पर लाइसेंस नंबरों की जांच की गई तो इनमें से किसी भी लाइसेंस के आरटीए फतेहाबाद कार्यालय से जारी होने का रिकॉर्ड नहीं मिला। सरकारी रिकॉर्ड में लाइसेंसों का विवरण नहीं मिलने के बाद इनके फर्जी होने का खुलासा हुआ। इसके बाद सीएम फ्लाइंग की शिकायत के आधार पर जाखल थाना पुलिस ने रमेश कुमार उर्फ मेशा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में पुलिस द्वारा दर्ज मामले में स्पष्ट किया गया है कि जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति, अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है तो उसे भी जांच में शामिल किया जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस लाइसेंस तैयार करवाने की प्रक्रिया, आरोपित की भूमिका और पूरे प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इस मामले में जाखल थाना प्रभारी बलराज सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।