Wednesday, 11 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

UP News: दूध में मिलावट पकड़ना हुआ आसान, मेरठ के वैज्ञानिकों ने बनाई खास किट, जानें कैसे करेगी काम

INT News11 November 2026 at 07:40 pm

Meerut News: उत्तर प्रदेश में अब दूध में मिलावट की पहचान करना पहले से कहीं ज्यादा आसान होने जा रहा है. दूध में मिलाए जाने वाले हानिकारक पदार्थों का पता लगाने के लिए मेरठ स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों और विद्यार्थियों ने खास रैपिड मिल्क एडल्ट्रेशन टेस्टिंग किट तैयार की है. इसकी मदद से महज कुछ मिनटों में दूध की शुद्धता जांची जा सकेगी. खास बात यह है कि इसके लिए न तो लैब जाने की जरूरत होगी और न ही किसी विशेषज्ञ की मदद लेनी पड़ेगी.

सात तरह की मिलावट की पहचान

विश्वविद्यालय की ओर से तैयार की गई इस किट के जरिए दूध में स्टार्च, न्यूट्रलाइजर, हाइड्रोजन पेरोक्साइड, अमोनियम यौगिक, फार्मेलिन, नमक और नाइट्रेट जैसे पदार्थों की मौजूदगी का पता लगाया जा सकेगा. ये वे तत्व हैं, जिनका इस्तेमाल दूध की मात्रा बढ़ाने, उसे लंबे समय तक खराब होने से बचाने या उसकी गुणवत्ता में कृत्रिम बदलाव करने के लिए किया जाता है.

रंग बदलते ही सामने आएगी सच्चाई

इस जांच किट की सबसे बड़ी विशेषता इसकी आसान तकनीक है. दूध के नमूने की जांच करने पर संबंधित मिलावटी पदार्थ की मौजूदगी के अनुसार रंग में बदलाव होता है. इसी संकेत के आधार पर उपभोक्ता समझ सकेंगे कि दूध में किस तरह की मिलावट की गई है. इससे सामान्य परिवारों के लिए भी दूध की गुणवत्ता परखना पहले के मुकाबले काफी आसान हो सकता है.

शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर किया तैयार

इस तकनीक को विश्वविद्यालय के कटाई उपरांत प्रौद्योगिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण महाविद्यालय में विकसित किया गया है. परियोजना में अरुंधति गणेश बांद्रे, सीताराम, मयंक चौधरी और अगिमा ने योगदान दिया है. पूरी शोध परियोजना का नेतृत्व दुग्ध सूक्ष्मजीव विज्ञान के सह-प्राध्यापक डॉ. हर्ष पंवार ने किया.

किसान मेले में किया गया प्रदर्शन

विश्वविद्यालय परिसर में दो से चार नवंबर तक आयोजित किसान मेले के दौरान इस किट को प्रदर्शित किया गया था. उत्तर प्रदेश शासन के कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. एमके शनमुगा सुंदरम ने इसका विमोचन किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि आम लोगों तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दूध पहुंचाना जरूरी है. दूध की मिलावट की तुरंत पहचान करने वाली ऐसी तकनीक उपभोक्ताओं के हित में उपयोगी साबित हो सकती है.

कुलपति भी रहे मौजूद

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. विश्वविद्यालय का यह नवाचार घरेलू स्तर पर दूध की गुणवत्ता जांचने की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. इससे उपभोक्ताओं को दूध की शुद्धता को लेकर जागरूक करने के साथ मिलावट के खिलाफ भी मदद मिल सकती है.

Also Read: UP News: अमूल के बाद पराग ने भी दिया महंगाई का झटका, अब दूध खरीदने से पहले जान लें नई कीमतें