समाचार · मध्य प्रदेश
इतवारा बाजार में सजी पहली मढ़ई, अहीरी नृत्य किया:माता चंडी के पूजन से हुई शुरुआत, 15 दिन तक जिले के गांवों में लगेंगे मढ़ई और मेले
दीपावली के बाद ग्रामीण इलाकों में भाई दूज से मढ़ई-मेलों का सिलसिला शुरू हो गया है। नगर की पहली मढ़ई इतवारा बाजार परिसर में लगी। माता चंडी के पूजन के साथ उत्सव की शुरुआत हुई। मेले में यादव समाज का पारंपरिक अहीरी नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। आसपास के गांवों से आई ग्वालों की टोलियों ने पारंपरिक वेशभूषा में खास वाद्य यंत्रों की धुन पर अहीरी नृत्य किया। आयोजन से पहले चौधरी परिवार ने माता चंडी का पूजन किया। देखिए दो तस्वीरें… कई वर्षों से निभा रहा चौधरी परिवार परंपरा सेवादार एसएल चौधरी ने बताया कि उनका परिवार कई वर्षों से परंपरा के अनुसार भाई दूज पर इतवारा बाजार में मढ़ई लगाता आ रहा है। बाजार परिसर में मिठाई, चाट, खिलौने और गुब्बारों की दुकानें सजीं। बच्चों ने मेले का आनंद लिया, वहीं महिलाओं और अन्य लोगों ने घरेलू उपयोग की चीजों सहित जरूरत का सामान खरीदा। पूर्णिमा तक गांवों में लगेंगे मढ़ई और मेले पारंपरिक मान्यता के अनुसार, मढ़ई-मेलों का आयोजन ग्रामीणों के मनोरंजन और गांव की सुख-समृद्धि की कामना के लिए किया जाता है। दीपावली के बाद अगले 15 दिनों तक जिले के अलग-अलग ग्रामीण इलाकों में मढ़ई और चंडी मेले लगेंगे। गोवर्धन पूजा से शुरू होने वाले ये आयोजन पूर्णिमा तक चलेंगे। इसके लिए तय जगहों पर साफ-सफाई, चंडी स्थापना और अन्य तैयारियां की जा रही हैं। मेलों में पारंपरिक नृत्य, मनोरंजन और खरीदारी के इंतजाम रहेंगे।