समाचार · मध्य प्रदेश
दूज पर जीजा के घर आया, चाकू मारकर हत्या:पार्टी विवाद में हमला, घायल युवक 50 मीटर दूर स्कूल के पास गिरा, मौके पर मौत
टीकमगढ़ जिले के बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भितरवार में भाई दूज पर रिश्तेदार के घर आए 18 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। गांव के बाहर खेत में शराब पार्टी के दौरान विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। घायल युवक जान बचाकर भागा, लेकिन करीब 50 मीटर दूर स्कूल के पास गिर पड़ा। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान विष्णु अहिरवार (18), पिता रामलाल अहिरवार, निवासी दोहे चक्र, थाना कुड़ीला के रूप में हुई है। वह बुधवार को भाई दूज पर अपने जीजा संतोष अहिरवार के घर ग्राम भितरवार आया था। शराब पार्टी में हुआ विवाद, चाकू से हमला जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर गांव के बाहर खेत में कुछ लोग शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि रामरतन अहिरवार ने विष्णु पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल विष्णु वहां से भागा, लेकिन अधिक खून बहने के कारण वह घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर स्कूल के पास गिर पड़ा। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। एसडीओपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया घटना की सूचना मिलने पर बल्देवगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसडीओपी टीकमगढ़ सौरभ रत्नाकर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।