national
गुवाहाटी में 5 लोगों की हत्या का आरोपी पुलिस एनकाउंटर में ढेर

पुलिस के अनुसार, आरोपी को गुवाहाटी से करीब 350 किलोमीटर दूर शिवसागर ले जाया जा रहा था. इसी दौरान गौरीसागर इलाके में उसने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की. इस दौरान हुई झड़प में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया. बाद में अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस अधिकारी का हथियार छीनने की कोशिश
शिवसागर की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) पापोरी चेतिया ने बताया कि घटना बुधवार तड़के करीब 3:12 बजे हुई. पुलिस टीम आरोपी को एक अन्य मामले के सिलसिले में गुवाहाटी से शिवसागर ले जा रही थी. जब पुलिस वाहन गौरीसागर पहुंचा, तो घनकांत गोगोई ने शौच जाने की इच्छा जताई.
इसके बाद जब वह वाहन से नीचे उतरा, तो उसने जांच अधिकारी का सर्विस हथियार छीनने की कोशिश की. इस दौरान आरोपी और पुलिस अधिकारी के बीच हाथापाई शुरू हो गई.
वीडियो में देखें पुलिस ने क्या कहा-
दूसरे पुलिसकर्मी ने चलाई गोली
SSP पापोरी चेतिया के मुताबिक, अपने वरिष्ठ अधिकारी को बचाने के लिए एक अन्य पुलिसकर्मी ने सर्विस हथियार से गोली चलाई. गोली लगने से घनकांत गोगोई घायल हो गया. उसे तुरंत शिवसागर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
इस झड़प में एक पुलिस अधिकारी भी घायल हुआ है. उसे भी शिवसागर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ये भी पढ़ें: BSF जवानों पर हमला, हथियार छीनने की कोशिश और सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़, 8 आरोपी गिरफ्तार
होटल के पास पांच लोगों की हत्या का था आरोप
घनकांत गोगोई पर पिछले सप्ताह गुवाहाटी के एक होटल के पास पांच लोगों की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था. बताया जा रहा है कि होटल के लीज को लेकर हुए विवाद के कारण उसने इस वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस आरोपी को एक अलग मामले में पूछताछ और जांच के सिलसिले में शिवसागर ले जा रही थी, तभी यह घटना हुई.