समाचार · मध्य प्रदेश
सिंगरौली में गलत पार्किंग पर 24 चालान काटे:कॉलेज तिराहे से अंबेडकर बाजार तक अभियान; सड़क किनारे खड़े वाहन हटवाए
सिंगरौली में बुधवार को यातायात पुलिस ने गलत पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाया। सड़क किनारे और सार्वजनिक रास्तों पर वाहन खड़े करने वाले 24 चालकों के चालान काटे गए। पुलिस ने उन्हें तय जगहों पर ही पार्किंग करने की हिदायत दी। कार्रवाई कॉलेज तिराहे से टॉकीज तक, तुलसी मार्ग, सराफा तिराहा, बस स्टैंड और अंबेडकर बाजार में की गई। इन इलाकों में बाजार और कारोबार के चलते दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। सड़क किनारे खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों से रास्ता संकरा हो जाता है। इससे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को परेशानी होती है। पुलिस टीम ने पहले गलत तरीके से खड़े वाहन हटवाए और रास्ता खुलवाया। इसके बाद नियम तोड़ने वाले चालकों पर जुर्माने की कार्रवाई की। पुलिस ने लोगों को बताया कि सड़क और सार्वजनिक रास्ते पार्किंग के लिए नहीं हैं। गलत पार्किंग से जाम लग सकता है और दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक षियाज केएम के निर्देश पर हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार और यातायात प्रभारी रोशनी केशरवानी की निगरानी में अभियान चलाया गया। इसमें सूबेदार आशीष तिवारी, उपनिरीक्षक अशोक सिंह तोमर, एएसआई सुरेश शुक्ला, उत्तम सिंह और यातायात पुलिस के जवान शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने वाहन चालकों से तय पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की अपील की। यातायात पुलिस ने कहा कि शहर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।