Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

करनाल में चावल चोरी कर बेचने वाले 3 आरोपी काबू:ट्रकों में ज्यादा कट्टे लोड कर रास्ते में बेचते, 2 को रिमांड पर भेजा

INT News25 October 2026 at 06:43 pm

करनाल में राइस मिल से लाखों रुपए के चावल चोरी कर बेचने के मामले में थाना सदर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अराईपुरा निवासी अजीत, विकास नगर निवासी सुशील और छपरा खेड़ा निवासी अंकुश के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से अजीत और सुशील को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया, जबकि अंकुश को न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस अब चोरी किए गए चावल की बरामदगी और अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच करेगी। ट्रकों में ज्यादा चावल लोड कर रास्ते में उतारने का आरोप शिकायतकर्ता अमित दहिया ने पुलिस को बताया कि मोहदीनपुर गांव के क्षेत्र में उसकी ग्रीनफील्ड प्योर इंडिया नाम से राइस मिल है। यहां बासमती धान की मिलिंग करके चावल तैयार किए जाते हैं और ट्रकों के माध्यम से ग्राहकों तक पहुंचाए जाते हैं। उसने सुशील को करीब 4 साल पहले और अंकुश को करीब दो साल पहले मिल में मुनीम की नौकरी पर रखा था। अमित के अनुसार, पिछले कुछ समय से उसे जानकारी मिल रही थी कि मिल से ट्रकों में ज्यादा चावल लोड किए जाते हैं, लेकिन ग्राहकों तक कम मात्रा में पहुंच रहे हैं। इस पर उसे अपने दोनों कर्मचारियों पर शक हुआ। ट्रक मालिक के साथ मिलकर चोरी करने का आरोप शिकायत के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों कर्मचारियों ने ट्रक मालिक अजीत के साथ मिलकर चावल चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोप है कि ट्रकों में अतिरिक्त कट्टे लोड करके मिल से निकाले जाते थे। रास्ते में चावल के कट्टे उतारकर तरावड़ी, अंबाला समेत अन्य क्षेत्रों में दुकानदारों को बेच दिया जाता था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि यह गतिविधि करीब एक साल से चल रही थी और इस दौरान लाखों रुपए के चावल बेचे गए। 24 अक्टूबर को केस दर्ज, एसपी के निर्देश पर कार्रवाई शिकायत के आधार पर 24 अक्टूबर को थाना सदर करनाल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। एसपी करन गोयल के निर्देश पर थाना सदर प्रभारी निरीक्षक तरसेम सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक जगमोहन सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। दो आरोपियों से रिमांड पर होगी पूछताछ पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने अजीत पुत्र रामबीर सिंह निवासी अराईपुरा, सुशील पुत्र किशोरी लाल निवासी विकास नगर, करनाल को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा। वहीं, अंकुश पुत्र वेदपाल निवासी छपरा खेड़ा को जेल भेज दिया गया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से चोरी किए गए चावल की बरामदगी, मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित अन्य संलिप्त लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी।