Wednesday, 28 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

3 मैच में सिर्फ 1 विकेट, फिर भी भुवनेश्वर को नहीं कोई मलाल, बोले- ‘वापसी के पीछे नहीं भागा’

INT News28 October 2026 at 03:46 pm

Bhuvneshwar Kumar: करीब चार साल बाद टीम इंडिया में वापसी करने वाले भुवनेश्वर कुमार के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है. दो शानदार आईपीएल सीजन के दम पर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने वाले भुवी तीन मुकाबलों में सिर्फ एक विकेट ले सके हैं. हालांकि, अनुभवी तेज गेंदबाज का कहना है कि उन्होंने कभी टीम इंडिया में वापसी को अपना लक्ष्य बनाकर क्रिकेट नहीं खेला.

जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में भारतीय टीम को अनुभव की जरूरत थी और इसी वजह से चयनकर्ताओं ने भुवनेश्वर कुमार को न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए टीम में शामिल किया. करीब चार साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लौटे भुवनेश्वर से उनके आईपीएल प्रदर्शन जैसी ही गेंदबाजी की उम्मीद थी, लेकिन अब तक वह उस लय में नजर नहीं आए हैं.

तीन मैचों में 139 रन लुटाए

भुवनेश्वर ने सीरीज के अब तक तीन मुकाबलों में कुल 12 ओवर गेंदबाजी की है. इस दौरान उन्होंने 139 रन खर्च किए और उनके खाते में सिर्फ एक विकेट आया है. भारत सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुका है, ऐसे में अब देखना होगा कि टीम मैनेजमेंट बाकी बचे दो मैचों में भी भुवनेश्वर को मौका देता है या नहीं.

हालांकि, भुवनेश्वर खुद अपनी वापसी को लेकर किसी तरह का दबाव महसूस नहीं कर रहे हैं. तीसरे टी20 मैच के बाद उन्होंने साफ कहा कि पिछले चार साल के दौरान उनका ध्यान सिर्फ भारत में वापसी पर नहीं था.

'मैंने टीम इंडिया में वापसी के पीछे नहीं भागा'

भुवनेश्वर ने कहा कि भारत के लिए खेलना निश्चित रूप से उनका सपना है और देश का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है, लेकिन उन्होंने वापसी को अपना एकमात्र लक्ष्य नहीं बनाया था.

उन्होंने कहा, 'सच कहूं तो मैंने टीम इंडिया में वापसी के पीछे नहीं भागा. हां, यह एक सपना है और मैं यह नहीं कह रहा कि मैं खुश नहीं हूं. मैं बहुत खुश हूं. भारत के लिए खेलना और उसका प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात है.' भुवनेश्वर के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर रहने के दौरान उनके सामने जो भी चुनौती आई, उन्होंने उसी पर ध्यान दिया. फिटनेस हो या कोई टूर्नामेंट, उन्होंने हर मौके को अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए इस्तेमाल किया.

ये भी पढ़ें: IND vs NZ 3rd T20I: अभिषेक शर्मा ने एक पारी में तोड़े कई रिकॉर्ड, छक्कों के मामले में गेल-फिंच को भी छोड़ा पीछे

आईपीएल के दो शानदार सीजन ने खोला टीम इंडिया का रास्ता

भुवनेश्वर ने अपनी वापसी का श्रेय पिछले दो आईपीएल सीजन को भी दिया. उन्होंने आईपीएल 2025 में 17 विकेट हासिल किए थे, जबकि 2026 में उनके खाते में 28 विकेट आए. उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लगातार दो सीजन खिताब अपने नाम किए. भुवनेश्वर ने कहा कि पिछले दो साल के आईपीएल में उनका प्रदर्शन ही उनकी राष्ट्रीय टीम में वापसी की सबसे बड़ी वजह बना.

उन्होंने कहा, 'पिछले चार साल में मेरे सामने जो भी आया-टूर्नामेंट, चुनौतियां, क्रिकेट, फिटनेस या कुछ और-मैं उसे करता रहा. मैंने कभी यह नहीं सोचा कि मुझे सिर्फ भारत में वापसी के लिए क्रिकेट खेलना है. शायद इसी वजह से चीजें आसान रहीं. किस्मत से प्रदर्शन भी अच्छा हुआ. मुझे लगता है कि मेरी वापसी का पूरा श्रेय पिछले दो साल के आईपीएल को जाता है.'

मॉर्केल ने भी किया भुवी का बचाव

भुवनेश्वर के मौजूदा प्रदर्शन पर सवाल उठने के बीच भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मॉर्केल पहले ही उनका बचाव कर चुके हैं. उन्होंने कहा था कि आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बीच काफी अंतर होता है और भुवनेश्वर को सीमित ट्रेनिंग समय के बाद सीधे इंटरनेशनल क्रिकेट में उतरना पड़ा.

मॉर्केल के मुताबिक, टीम इंडिया में चयन से पहले भुवनेश्वर ने करीब एक महीने तक क्रिकेट खेला जरूर था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का दबाव और छोटी-छोटी गलतियों की कीमत अलग होती है. व्यस्त कार्यक्रम के कारण उन्हें खुद को तैयार करने के लिए भी ज्यादा समय नहीं मिल पाया.

ये भी पढ़ें: ICC Women's T20 World Cup: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2028 की मेजबानी करेगा पाकिस्तान, भारत फाइनल में पहुंचा तो क्या होगा?