समाचार · मध्य प्रदेश
गन्ना किसानों ने 600 रुपए प्रति क्विंटल भाव मांगा:गाडरवारा मंडी में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन; बिजली बिल में 50% छूट समेत छह मांगें रखीं
नरसिंहपुर के गाडरवारा कृषि मंडी में बुधवार को गन्ना उत्पादक किसानों का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन हुआ। इसमें हजारों किसान शामिल हुए। किसान संगठनों ने भी गन्ना उत्पादकों की समस्याएं उठाईं और मांगों का समर्थन किया। नरसिंहपुर प्रदेश में सबसे ज्यादा गन्ना उत्पादन के लिए जाना जाता है। जिले के कई किसान गन्ने की खेती पर निर्भर हैं। किसानों का कहना है कि खेती की लागत और मेहनत बढ़ रही है, लेकिन उपज का उचित दाम और लाभ नहीं मिल रहा। सम्मेलन में किसानों ने छह मांगें रखीं। उन्होंने गन्ने का भाव 600 रुपए प्रति क्विंटल तय करने और पंजाब-हरियाणा की तरह राज्य सरकार से समर्थन मूल्य देने की मांग की। 50 रुपए बोनस का था वादा
अन्य मांगों में बिजली बिल में 50% छूट, जलाकर गन्ना तोड़ने पर 30 रुपए प्रति क्विंटल बोनस और पहले किए गए वादे के मुताबिक 50 रुपए प्रति क्विंटल बोनस शामिल हैं। किसानों ने रक्षित क्षेत्र के गन्ने का पहले उठाव करने की मांग भी रखी। किसानों ने कहा कि मांगें पूरी होने से गन्ना उत्पादन की लागत का बोझ कम होगा और खेती को लाभकारी बनाने में मदद मिलेगी। अब किसान सरकार के रुख का इंतजार कर रहे हैं।