Wednesday, 28 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

बेमेतरा में महाराष्ट्र से लाया गया 210 क्विंटल धान जब्त:धान खरीदी से पहले अवैध भंडारण पर कार्रवाई, 15 नवंबर से शुरू होगी खरीदी

INT News28 October 2026 at 04:40 pm

बेमेतरा जिले में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने से पहले मंडी विभाग ने अवैध धान भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की है। साजा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम किरकी में टीम ने डॉली ट्रेडर्स के संचालक बोधीराम साहू के घर और गोदाम से करीब 210 क्विंटल धान जब्त किया है। धान करीब 500 कट्टों में रखा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह धान महाराष्ट्र से लाया गया था। कार्रवाई के दौरान मौके पर महाराष्ट्र नंबर का एक ट्रक भी मिला। बताया गया कि इसी ट्रक से धान लाकर गोदाम में रखा गया था। महाराष्ट्र से धान लाए जाने की जानकारी मिलने पर मंडी विभाग की टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार किया और धान जब्त कर लिया। ट्रक ड्राइवर बोला- किरकी में धान पहुंचाने को कहा था महाराष्ट्र से धान लेकर आए ट्रक ड्राइवर योगेश मालवाडे ने बताया कि उसे यह जानकारी नहीं है कि महाराष्ट्र के किस व्यापारी ने धान भेजा था। उसे सिर्फ बेमेतरा जिले के किरकी गांव में साहू के यहां धान पहुंचाने के लिए कहा गया था। हालांकि, धान किस व्यापारी का था और इसे किन परिस्थितियों में महाराष्ट्र से लाया गया, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। इस मामले में आगे की जांच की जा रही है। धान खरीदी सीजन में भी होगी निगरानी मंडी सचिव निकेश नरेटी ने बताया कि धान खरीदी शुरू होने से लेकर पूरे सीजन तक अवैध भंडारण और परिवहन पर नजर रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होनी है। इससे पहले ही विभाग ने अवैध धान के भंडारण और परिवहन पर निगरानी बढ़ा दी है। किरकी में हुई कार्रवाई के बाद अब धान कहां से आया और इसके पीछे किन व्यापारियों की भूमिका है, इसकी जांच की जा रही है।