Wednesday, 28 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

ग्वालियर में दो सड़क हादसे, दो की मौत:करवाचौथ की खरीदारी कर लौट रही महिला और साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत

INT News28 October 2026 at 04:46 pm

ग्वालियर में मंगलवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला और एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मुरार थाना क्षेत्र में करवाचौथ की खरीदारी कर पति के साथ लौट रही महिला को तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। वहीं, महाराजपुरा थाना क्षेत्र के डीडी नगर में साइकिल से घूमने निकले 55 वर्षीय बुजुर्ग को अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। दोनों घटनाओं के बाद चालक अपने वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामले दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। खरीदारी कर लौट रही महिला को ई-रिक्शा ने मारी टक्कर मुरार थाना क्षेत्र के गेरू वाला बंगला निवासी कुंअर देवी कुशवाह (51) मंगलवार को पति बृज किशोर कुशवाह के साथ करवाचौथ की खरीदारी करने बाजार गई थीं। रात करीब 9 बजे दोनों बारादरी के पास आर्मी गेट तक पहुंचे थे। पति अपना बिरयानी का ठेला लेकर चल रहा था, जबकि कुंअर देवी उसके पास-पास पैदल चल रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने महिला को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह उछलकर सड़क पर गिर गईं और उनकी मौत हो गई। ई-रिक्शा पर नंबर प्लेट नहीं थी। सूचना मिलने पर मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बुधवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। साइकिल से निकले बुजुर्ग को कार ने कुचला दूसरा हादसा महाराजपुरा थाना क्षेत्र के डीडी नगर में मंगलवार रात करीब 11 बजे हुआ। डीडी नगर निवासी राजबहादुर सिंह (55) साइकिल से घूमने निकले थे। कोठारी हाउस के पास पीछे से आई तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई। सूचना मिलने पर उनका बेटा सुरेंद्र मौके पर पहुंचा और उन्हें अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सीसीटीवी कैमरों से आरोपियों की तलाश दोनों हादसों के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मुरार थाना पुलिस बिना नंबर वाले ई-रिक्शा के चालक का पता लगा रही है। वहीं, महाराजपुरा थाना पुलिस ने बुजुर्ग की मौत के मामले में मर्ग कायम कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि कार और उसके चालक की पहचान की जा सके।