समाचार · छत्तीसगढ़
एक ही गांव में भालू और तेंदुए की दस्तक,VIDEO:टंकी पर चढ़ा भालू तो तेंदुए ने बुजुर्ग महिला पर किया हमला, अस्पताल में भर्ती
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के एक ही गांव में मंगलवार को भालू और तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। बिरगुड़ी गांव में पहले एक भालू पानी की टंकी पर चढ़ गया। उसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। करीब दो घंटे तक टंकी पर रहने के बाद भालू खुद ही नीचे उतर आया। इसके कुछ घंटे बाद देर रात गांव में तेंदुआ पहुंच गया। तेंदुए ने घर के बाहर बैठी महिला शांति बाई मरकाम (45) पर हमला कर दिया। हमले में महिला की गर्दन पर गहरी चोट आई। ग्रामीणों ने शोर मचाकर तेंदुए को भगाया और वन विभाग को सूचना दी। घायल महिला को 108 एंबुलेंस की मदद से नगरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल महिला की स्थिति ठीक बताई जा रही है। पहले पानी की टंकी पर चढ़ा भालू, देखने जुटी ग्रामीणों की भीड़ जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर शाम बिरगुड़ी गांव में ग्रामीणों की नजर पानी की टंकी पर चढ़े भालू पर पड़ी। भालू को टंकी के ऊपर देखकर आसपास मौजूद लोगों ने उसे आवाज देकर नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे आने के बजाय ऊपर चढ़ता गया। इसके बाद भालू को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। बताया जा रहा है कि गांव की पानी टंकी पर चढ़ने के लिए सीढ़ी बनी हुई है। इसी सीढ़ी के रास्ते भालू करीब 60 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ गया था। वह लगभग दो घंटे तक टंकी के ऊपर रहा। इस दौरान ग्रामीण उसे नीचे उतरते देखने के लिए इंतजार करते रहे। करीब दो घंटे बाद भालू खुद ही टंकी से नीचे उतर आया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। टंकी पर मधुमक्खियों का छत्ता, शहद के लालच में चढ़ने की आशंका ग्रामीणों के अनुसार, बिरगुड़ी गांव की पानी टंकी पर लंबे समय से मधुमक्खियों का छत्ता बना हुआ है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि भालू शहद के लालच में टंकी पर चढ़ा होगा। हालांकि, भालू के टंकी पर चढ़ने की वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं हुई है। भालू के टंकी से नीचे उतरने और गांव से बाहर जाने के कुछ घंटे बाद देर रात एक तेंदुआ गांव में पहुंच गया। इसके बाद हुई घटना ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी। घर के बाहर बैठी महिला पर तेंदुए का हमला, गर्दन पर आई चोट गांव में देर रात तेंदुए ने घर के बाहर बैठी 45 वर्षीय शांति बाई मरकाम पर हमला कर दिया। हमले में महिला की गर्दन पर गहरी चोट आई और वह लहूलुहान हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद तेंदुआ मौके से भाग गया। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से घायल महिला को 108 एंबुलेंस के माध्यम से नगरी अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में महिला का इलाज जारी है। फिलहाल उसकी स्थिति ठीक बताई जा रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों को किया अलर्ट एक ही गांव में भालू और तेंदुए की मौजूदगी तथा महिला पर हमले के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। ग्रामीणों से कहा जा रहा है कि देर शाम होने के बाद घरों के अंदर रहें और छोटे बच्चों को बाहर न निकलने दें। बहुत जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की हिदायत दी जा रही है। गांव में वन्य प्राणियों की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल है। खासकर देर रात तेंदुए के हमले में महिला के घायल होने के बाद लोगों को अधिक सतर्क रहने के लिए कहा गया है।