Wednesday, 28 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

गोपालगंज गैस कांड: 15 दिन बाद दूसरी मौत, दो साल की बेटी के बाद पिता ने भी तोड़ा दम

INT News28 October 2026 at 02:39 pm

Gopalganj Gas Leak Fire Accident : गोपालगंज जिले के सफियाबाद गांव में 13 अक्टूबर को हुए गैस लीक अग्निकांड में गंभीर रूप से झुलसे मशरक थाना क्षेत्र के घोघिया गांव निवासी कंचन शर्मा की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गयी. उन्होंने पटना के पीएमसीएच में अंतिम सांस ली. उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. इस हादसे में उनकी दो वर्षीय बेटी मिष्टी की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी थी. बेटी के बाद पिता की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

दशहरा मेला घूमने गया था परिवार, हादसे में पिता-बेटी की मौत

जानकारी के अनुसार, कंचन शर्मा अपने परिवार के साथ खुशी-खुशी दशहरा मेला घूमने गोपालगंज गये थे. इसी दौरान 13 अक्टूबर की देर शाम सफियाबाद गांव में गैस सिलेंडर बदलने के दौरान गैस लीक होने से आग लग गयी. इस दर्दनाक हादसे में कंचन शर्मा की दो वर्षीय बेटी मिष्टी की मौके पर ही मौत हो गयी थी, जबकि कंचन समेत 18 लोग झुलस गये थे.

सिवान से गोरखपुर और फिर पटना रेफर हुए थे कंचन

हादसे में गंभीर रूप से झुलसे कंचन शर्मा को पहले इलाज के लिए सिवान ले जाया गया. वहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गोरखपुर रेफर किया गया. बाद में उन्हें पटना के पीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां करीब 15 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद बुधवार को उनकी मौत हो गयी.

पति का शव पहुंचते ही घर में मचा कोहराम

कंचन शर्मा का शव गांव पहुंचते ही घर में चीख-पुकार मच गयी. दो वर्षीय बेटी को खोने के गम से पहले ही टूट चुकीं पत्नी नेहा देवी पति का शव देखकर दहाड़ मारकर रोने लगीं. एक ही हादसे में मासूम बेटी और पति को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

Also Read : गोपालगंज: सफियाबाद गैस हादसे में आठ मौतों के मामले में FIR दर्ज, मृतकों के आश्रितों को मिले 24 लाख