Wednesday, 28 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

दमोह; किसानों की मांगों को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया:कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए, SDOP को ज्ञापन सौंपा

INT News28 October 2026 at 03:58 pm

दमोह जिले के हटा में बुधवार दोपहर किसानों की समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर खाद, बिजली, फसल नुकसान के मुआवजे समेत कई मांगें रखीं। ज्ञापन देने से पहले कांग्रेस पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसके बाद कार्यकर्ता राय चौराहे पर जुटे और भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने हटा एसडीओपी केपी सिंह को ज्ञापन सौंपा। हटा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष योगेश सराफ के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में गांव-गांव में बिक रही अवैध शराब का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल किए। ज्ञापन में किसानों को पर्याप्त खाद और बीज देने, अतिवृष्टि से खराब फसलों का सर्वे कराने और प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की गई। कांग्रेस ने सिंचाई के लिए 10 घंटे बिजली देने की मांग भी रखी। कांग्रेस का आरोप है कि रबी की बोवनी के समय किसानों को खाद की कमी का सामना करना पड़ रहा है। शासन 10 घंटे बिजली देने का दावा करता है, लेकिन किसानों को केवल दो से तीन घंटे बिजली मिल रही है। इससे सिंचाई और बोवनी पर असर पड़ रहा है। ज्ञापन में सोयाबीन समेत अन्य फसलों को अतिवृष्टि से हुए नुकसान के लिए प्रति एकड़ 50 हजार रुपए मुआवजा देने, फसल बीमा की राशि देने और किसानों का कर्ज माफ करने की मांग की गई। इसके अलावा हटा क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री रोकने, दमोह-सिमरिया मार्ग का निर्माण तेज करने और जमीन से जुड़े मामलों की उचित जांच कराने की मांग भी शामिल है। राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है कांग्रेस जिला अध्यक्ष मानक पटेल ने गांव-गांव में कथित तौर पर बिक रही अवैध शराब का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में अवैध शराब का कारोबार चल रहा है और इसे राजनीतिक लोगों का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। बिक्री वाले स्थानों की जानकारी दें इस पर हटा एसडीओपी केपी सिंह ने कांग्रेस नेताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे अवैध शराब की बिक्री वाले स्थानों की जानकारी दें। पुलिस उन स्थानों पर कार्रवाई करेगी। बताया गया कि हटा एसडीएम और तहसीलदार जिला मुख्यालय पर आयोजित बैठक में शामिल होने गए थे। इस कारण कांग्रेस पदाधिकारियों ने एसडीओपी को ज्ञापन सौंपा।