समाचार · मध्य प्रदेश
कांग्रेस का ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ आंदोलन:उमरिया आए AICC के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक, 13.30 करोड़ मतदाताओं के नाम कटने का लगाया आरोप
उमरिया में कांग्रेस के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ आंदोलन को लेकर बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। मध्य प्रदेश के नौ जिलों के दौरे पर निकले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक अशोक जगताप ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के जरिए देश में करीब 13 करोड़ 30 लाख मतदाताओं के नाम काटे जाने का दावा किया। जगताप ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में शुरू किए गए आंदोलन का मकसद लोगों को मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र में अकेले 2 करोड़ 26 लाख वोट काटे गए हैं। उनके मुताबिक, मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का सबसे ज्यादा असर गरीब और वंचित वर्ग के लोगों पर पड़ सकता है। संवैधानिक व्यवस्था कमजोर कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पर लोकतांत्रिक और संवैधानिक व्यवस्था कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी इस्तीफा मांगा। आवाज उठाना जरूरी जगताप ने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे पर समय रहते आवाज उठाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों, मजदूरों, महिलाओं और बेरोजगारों के मुद्दों को लेकर भी जनता के बीच जा रही है। भाजपा पर निशाना साधते हुए जगताप ने दावा किया कि दक्षिण भारत में पार्टी की राजनीतिक स्थिति कमजोर है और वहां वह कथित वोट चोरी नहीं कर पाती।