समाचार · मध्य प्रदेश
हरदा में युवाओं से बोले केंद्रीय मंत्री उइके:आपका एक वोट अच्छी सरकार बनने से रोक सकता है
हरदा के पीएम श्री महाविद्यालय में बुधवार को ‘विकसित भारत युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्रीय मंत्री डीडी उइके ने कार्यक्रम में युवाओं से संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को राष्ट्रबोध और उनकी जिम्मेदारियों के बारे में बताना हमारी जिम्मेदारी है, ताकि वे देश के विकास के लिए सही दिशा तय कर सकें। बातचीत कर रहे छात्रों को व्यवस्थित बैठने को कहा कार्यक्रम के दौरान कुछ छात्र आपस में बातचीत कर रहे थे। इस पर केंद्रीय मंत्री ने नाराजगी जताई और उन्हें व्यवस्थित बैठने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि सभाकक्ष का माहौल विचार-विमर्श के लिए उचित होना चाहिए। यह कार्यक्रम केवल एक रस्म नहीं है, बल्कि युवाओं के साथ संवाद और विचार-विमर्श का अवसर है। बोले- मतदान जरूर करें संवाद के दौरान छात्रों ने वोट देने के अधिकार और उसकी अहमियत से जुड़े सवाल पूछे। केंद्रीय मंत्री डीडी उइके ने कहा कि आपका एक वोट अच्छी सरकार या जनप्रतिनिधि को बनने से रोक सकता है। इसलिए देश के हित में सभी को हमेशा मतदान जरूर करना चाहिए। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री कमल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश वर्मा, मंडल अध्यक्ष नीतेश बादर, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र पाल, कलेक्टर कुमार सत्यम और एसपी शशांक सहित कॉलेज के छात्र और स्टाफ मौजूद रहे।