Wednesday, 28 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

महेंद्रगढ़ जिले में नशे के खिलाफ 4 जगह कार्रवाई:6 आरोपी गिरफ्तार, कुल 63.68 ग्राम हेरोइन व 345 ग्राम गांजा बरामद

INT News28 October 2026 at 03:56 pm

महेंद्रगढ़ जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग मामलों में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीआईए नारनौल की टीम ने तीन आरोपियों से 50 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की, जबकि दूसरी कार्रवाई में दो युवकों से 8 ग्राम हेरोइन मिली। सीआईए महेंद्रगढ़ ने एक युवक को 5.68 ग्राम संदिग्ध हेरोइन के साथ पकड़ा। वहीं, अटेली पुलिस ने एक युवक से 345 ग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण के अनुसार, 28 अक्टूबर को सीआईए नारनौल की टीम जल महल क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव मांदी निवासी राहुल और रोहित नशीले पदार्थ बेचते हैं और गांव के खेतों में ट्यूबवेल के पास एक अन्य युवक के साथ मौजूद हैं। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर राहुल, रोहित और आदर्श नगर निवासी लोकेश को काबू किया। तलाशी के दौरान राहुल के कब्जे से 50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके से स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये बताई गई है। मिश्रवाड़ा में दो युवकों से 8 ग्राम हेरोइन मिली 27 अक्टूबर को सीआईए नारनौल ने मोहल्ला दशमेश नगर निवासी सचिन और रितिक को मिश्रवाड़ा क्षेत्र से काबू किया। डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण के अनुसार, दोनों के कब्जे से कुल 8 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना शहर नारनौल में मामला दर्ज किया है। महेंद्रगढ़ और अटेली में भी कार्रवाई सीआईए महेंद्रगढ़ ने 27 अक्टूबर को पुरानी सिटी चौकी के पीछे से एक युवक को 5.68 ग्राम संदिग्ध हेरोइन के साथ पकड़ा। डीएसपी डॉ. कविता के अनुसार, राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी के दौरान सिल्वर रंग की पन्नी में रखा पदार्थ मिला। इसके अलावा, अटेली पुलिस ने गांव तोबड़ा की बन्नी में जोहड़ के पास से पृथ्वीपुरा निवासी सुधन को पकड़ा। उसके पिट्ठू बैग से पॉलीथिन सहित 345 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी गांजा बेचने की फिराक में था और उसके पास कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं था। पुलिस चारों मामलों में नशीले पदार्थों के स्रोत और खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। एसपी दीपक कुमार ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से नशा तस्करी की जानकारी पुलिस को देने की अपील की और कहा कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।