समाचार · छत्तीसगढ़
बदहाल सड़क के विरोध में चक्काजाम, 40 मिनट तक प्रदर्शन:युवा कांग्रेस, व्यापारी और वार्डवासियों ने धूल-गड्ढों से निजात और मरम्मत की मांग की
धमतरी में बुधवार को बदहाल सड़क के विरोध में युवा कांग्रेस, NSUI, व्यापारियों और वार्डवासियों ने नगरी-सिहावा रोड पर एफसीआई चौक के पास चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन करीब 40 मिनट तक चला। इस दौरान प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे। चक्काजाम से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारियों ने मौके पर PWD अधिकारी को बुलाकर अपनी मांगें रखने की बात कही। मौके पर तहसीलदार, CSP, TI, सब इंस्पेक्टर समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। गड्ढों और धूल से परेशान लोग, भारी वाहनों पर प्रतिबंध की मांग युवा कांग्रेस के गीतराम सिन्हा और वार्डवासी संजू साहू ने बताया कि नगरी-सिहावा रोड की हालत बेहद खराब है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं और वाहनों के गुजरने से धूल के गुबार उड़ते हैं। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। धूल के कारण अस्थमा और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों की दिक्कतें बढ़ रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि फोरलेन का काम सिहावा चौक से शुरू किया जाए। भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाया जाए और दिन में पांच बार सड़क पर पानी का छिड़काव किया जाए, ताकि धूल से राहत मिल सके। कोलियारी तक 5 किमी में फोरलेन का काम जारी सिहावा-नगरी स्टेट हाईवे पर कोलियारी तक फोरलेन का काम चल रहा है। निर्माण कार्य के कारण सड़क की हालत और खराब हो गई है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और अधिकारियों ने लोगों को सड़क से हटने के लिए समझाइश दी, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। अधिकारियों की समझाइश के बाद यातायात बहाल मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार और PWD अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी। इसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ और यातायात फिर से शुरू हो गया। PWD अधिकारी एमडी पैकरा ने बताया कि सिहावा चौक से कोलियारी तक करीब 5 किलोमीटर में फोरलेन का काम चल रहा है। ठेकेदार ने काम शुरू कर दिया है। धूल से राहत के लिए सड़क पर पानी डालने के निर्देश दिए गए हैं। गड्ढों की मरम्मत का काम भी चल रहा है। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य जुलाई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।